width="100"

Friday 12 October 2012

श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता सर्ग-4/सर्ग-5


श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता

सर्ग-४ 

  भाग-1
कौशिकी-कोसी 
सृन्गेश्वर महादेव


भगिनी विश्वामित्र की, सत्यवती था नाम |
षोडश सुन्दर रूपसी, हुई रिचिक की बाम || 


 मत्तगयन्द सवैया

नारि सँवार रही घर बार, विभिन्न प्रकार धरा अजमाई ।
कन्यक रूप बुआ भगिनी घरनी ममता बधु सास कहाई ।
सेवत नेह समर्पण से कुल, नित्य नयापन लेकर आई ।
जीवन में अधिकार घटे,  करतव्य सदा भरपूर निभाई ।। 

दुनिया का पहला हुआ, यह बेमेल विवाह |
बुड्ढा खूसट ना करे, पत्नी की परवाह || 

वाणी अति वाचाल थी, हुआ शीघ्र बेकाम |
दो वर्षों में चल बसा, बची अकेली बाम ||

सत्यवती भी चल पड़ी,  स्वर्ग-लोक के द्वार | 


था प्रवेश लेकिन निषिद्ध, तिरस्कार व्यवहार ।



चंचल तन में मन व्यथित, थकित चकित सी नार ।

क्रोधित हो कोसी बनी, मचता हाहाकार ||

उच्च हिमालय से निकल, त्रिविष्टक को पार |
अंगदेश की भूमि तक, है लम्बा विस्तार ||

असंतुष्ट चिरयौवना, माने नहिं अनुरोध  |
जल-प्लावित करती रहे, 
प्रलयंकारी  क्रोध ||

अंगदेश का शोक है, रूप विषद विकराल |
ग्राम सैकड़ों लीलती, काल बजाता  गाल ||

धरती पर लाती रही, बड़े गाद भण्डार |
गंगा जी में जा मिले, शिव के चरण पखार  ||

इसी भूमि पर हो रहे, नित अभिनव प्रयोग |
ऋषि विविन्डक हैं यही, करें कर्म उद्योग ||

उन्हें पराविज्ञान का, था अद्भुत अभ्यास |
मन्त्र-शक्ति अतिशय प्रचण्ड, होते सफल प्रयास ||



निश्छल सरस  विनम्र  शुभ, मंद-मंद मुस्कान |
मितभाषी मृदु-छंद है, उनका हर व्याख्यान ||

रोचक है अभिव्यक्ति कुल, जागे मन विश्वास |  
बाल-वृद्ध-युवजन जुड़े, आस छुवे आकाश ||

बड़े दूरदर्शी सजग, ज्योतिष का अभ्यास |
जोखिम से डरते नहीं, नहीं अन्धविश्वास ||

इन्ही विविन्डक  ने दिया, था दशरथ को ज्ञान |
शांता को दे दीजिये, गोद किसी की दान ||



सृंगी ऋषि,  कुल्लू घाटी
 


रिस्य विविन्डक का प्रबल, परम प्रतापी पूत |
कुल्लू घाटी में मिलें, जीवित कई सुबूत ||

जेठ मास में आज भी, सजा पालकी दैव |
करते इनकी वंदना, सादर वैष्णव शैव ||

लकड़ी का मंदिर बना, कलयुग के महराज |
 कल के सृंगी ही बने, देव-स्कर्नी आज ||

अट्ठारह करदू हुवे, उनमे से ये एक |
कुल्लू घाटी विचरते, यात्रा करें अनेक ||

हमता डौरा-लांब्ती, रक्ती-सर गढ़-धोल |
डौरा कोठी पञ्च है, मालाना तक डोल ||

छ: सौ तक हैं पालकी, कहें जिन्हें  रथ लोग |
सृंगी से आकर मिलें, गर सूखे का योग ||

मंत्रो पर अद्भुत पकड़, करके वर्षों शोध |

वैज्ञानिक ये श्रेष्ठतम, प्राप्त पिता से बोध ||

नाहन के ही पास है, गुफा एक सिरमौर |
जप-तप करते शोध इत, जब अकाल के दौर ||

सृन्गेश्वर की थापना, कम कोसी का कोप |
सृंगी के हाथों हुआ, बढ़ता जनमन चोप ||   


 सात पोखरों की धरा, सातोखर है नाम |
शोध कार्य होते यहाँ, पुत्र-काम का धाम || 


शांता और रिस्य-सृंग  
सोरठा  
शांता थी गमगीन, खोकर काका को भली |
मौका मिला हसीन, लौटी चेहरे पर हंसी ||

सबने की तारीफ़, वीर रमण के दाँव की  | 
सहा बड़ी तकलीफ, मगर बचाये जान कुल  ||

राजा रानी आय, हालचाल लेकर गए |
करके सफल उपाय, वैद्य चिकित्सा शुभ करें  ||

हुआ रमण का व्याह, नई नवेली दुल्हनी |
पूरी होती चाह, महल एक सुन्दर मिला ||

नीति-नियम से युक्त, जिये  जिन्दगी धीर धर |
हंसे  ठठा उन्मुक्त, परहितकारी कर्म शुभ || 


रहते दोनों भाय, माता बच्चे साथ में |
खुशियाँ पूरी छाय, पाले जग की परंपरा ||

मनसा रहा बनाय, रमण एक सप्ताह से |
सृन्गेश्वर को जाय, खोजे रहबर साधु को ||

शांता जानी बात, रूपा संग तैयार हो |
माँ को नहीं सुहात, कौला  सौजा भी चलीं ||

दो रथ में सब बैठ, घोड़े भी संग में चले |
रही  शांता  ऐंठ, मेला  पूरा जो लगा ||

रही सोम को देख, चंपा बेटे से मिलीं |
मूंछों  की आरेख, सजती बेटे की भली ||

बेटा भी तैयार, महादेव के दर्श हित |
होता अश्व सवार, सुबह सुबह निकले सभी ||

 नौकर-चाकर भेज, राशन पानी साथ ले  |
 इंतजाम में तेज, सभी जरूरत पूरते ||

पहुंचे संध्या काल, सृन्गेश्वर को नमन कर |
डेरा देते डाल, अगले दिन दर्शन करें ||
दोहा
अंगदेश का क्षेत्र यह, दुनिया भर में नाम |   
आठ वर्ष के बाद फिर, शांता करे प्रणाम  ||

धुंधली धुंधली सी दिखे, बचपन की तस्वीर ।

रूपा की शैतानियाँ, शीश-सृंग की पीर ।। 


सोरठा 
करते सुबह नहान,  सप्त-पोखरों में सभी  |
पूजक का सम्मान, पहला शांता को मिला ||

कमर बांध तलवार, बटुक परम भी था खड़ा |
सृंगी मन्दिर द्वार, लगा इन्हें हुस्कारने ||

रूपा शांता संग, गप्पें सीढ़ी पर करे |
हुई देखकर दंग, रिस्य सृंग को सामने ||

तरुण ऊर्जा-स्रोत्र, वल्कल शोभित हो रहा |
अग्नि जले ज्यों होत्र, पावन समिधा सी हुई ||

गई शांता झेंप, चितवन चंचल फिर चढ़ी |
मस्तक चन्दन लेप, शीतलता महसूस की ||

बारम्बार प्रणाम, रूपा बोली हृदय से |
शांता इनका नाम, राजकुमारी अंग की ||

हाथ जोड़कर ठाढ़, हुई शांता फिर मगन |
वैचारिक यह बाढ़, वापस भागी शिविर में ||

पूजा लम्बी होय, रानी चंपा की इधर |
शिव को रही भिगोय, दुग्ध चढ़ाये विल्व पत्र ||

रमण रहे थे खोज, मिले नहीं वे साधु जी |
था दुपहर में भोज, विविन्डक आये  शिविर ||

गया चरण में लोट, रमण देखते ही उन्हें |
मिटते उसके खोट, जैसे घूमें स्वर्ग में ||

बोला सबने ॐ, भोजन की पंगत सजी |
साथ बैठता सोम,  पूज्य विविन्डक के निकट ||

संध्या सारे जाँय, कोसी की पूजा करें |
शांता रही घुमाय, रूपा को ले साथ में ||

अति सुन्दर उद्यान, रंग-विरंगे पुष्प हैं |
सृंगी से अनजान, चर्चा करने लग पड़ीं ||

कुण्डली 
मन भावे का भाव है, जैसे भावे भाग  |
तरह तरह के प्रेम हैं, अपना अपना राग |
अपना अपना राग, वस्तु वस्तुत: नदारद |
पर बाकी सहभाग, पार कर जाए सरहद |
जड़ चेतन अवलोक, कहीं आलौकिक पावे |
लुटा रहे अविराम, लूट जैसे मन भावे |
 
लगते राजकुमार, सन्यासी बन कर रहें ||
करके देख विचार, दाढ़ी लगती है बुरी ||

खट-पट करे खिडांव, देख सामने हैं खड़े |
छोड़-छाड़ वह ठाँव, रूपा सरपट भागती ||

शांता शान्ति छोड़, असमंजस में है  पड़ी |
जिभ्या चुप्पी तोड़, कह  प्रणाम चुप हो गई  ||

वह सृंगी पहचान , रिस्य राज का पुत्र हूँ  |
करता अनुसंधान, गुणसूत्रों के योग पर ||

मन्त्रों का व्यवहार, जगह जगह बदला करे |
सब वेदों का सार, पुस्तक में संग्रह करूँ ||

पिता बड़े विद्वान, मिले विरासत में मुझे |
उनके अनुसंधान, जिम्मेदारी ली उठा  ||

कर शरीर का ख्याल, अगर सवारूँ रातदिन |
पूरे कौन सवाल, अनुत्तरित कब से पड़े  ||

बदल गई झट सोच, रिस्य सृंग की बात से |
बाहें रही मरोड़, हाथ जोड़ कर ताकती  ||

लौटी रूपा देख, बढ़े  सृंग आश्रम गए | 
अपनी जीवन रेख, शांता देखे ध्यान से ||

लौट शिविर में आय, अपने बिस्तर पर पड़ी |
कर कोशिश विसराय, सृंगी मुख भूले नहीं ||  
सर्ग-4
भाग-2 
शांता का सन्देश 

सृन्गेश्वर से आय के, हुई जरा चैतन्य |
विषय छोड़ती शांता, लगी सोचने अन्य ||


रिश्तों की  पूंजी  बड़ी , हर-पल संयम वर्त |  
पूर्ण-वृत्त  पेटक  रखे,  सच्चा  सुख  संवर्त ||

सोम हुवे युवराज जब, उसको आया ख्याल ||
बिना पुत्र के है बुरा, अवध राज का हाल ||

गुरु वशिष्ठ को भेजती, अपना इक सन्देश |
तीव्रगति से पहुँचता, शांता  दूत  विशेष ||

रिस्य सृंग के शोध का, था  उसमें उल्लेख | 
गुरु वशिष्ठ हर्षित हुए, विषयवस्तु को देख ||

चिन्तित दशरथ को बुला, हरते पीर वशिष्ठ ||
विषय जान हर्षित हुवे, कार्य करें निर्दिष्ट ||

तैयारी पूरी हुई, रथ को रहे उड़ाय  |
रिस्य सृंग के सामने, झोली दें फैलाय ||

हमको ऋषिवर दीजिये, अपना शुभ आशीष |
चरणों में धर लोटते,  भूपति अपना शीश ||

राजन धीरज धारिये, काहे होत अधीर |
सृन्गेश्वर को पूजिये, वही हरेंगे पीर ||

मैं तो साधक मात्र हूँ, शंकर ही हैं सिद्ध |
दोनों हाथों से पकड़, बोले उठिए वृद्ध ||

सात दिनों तक करूँगा, विधिवत  पूरी जाँच |
सृन्गेश्वर में तबतलक, शिव पुराण नित बाँच ||

सात दिनों का तप प्रबल, औषधिमय खाद्यान |
दशरथ पाते पुष्टता, मिटे सभी व्यवधान ||

सूची इक लम्बी लिखी,  सृंगी देते सौंप ||
बुड्ढी काया में दिखी, तरुणाई सी चौप ||

कुछ प्रायोगिक कार्य हैं, कोसी की भी बाढ़ |
इंतजाम करके रखो,  आऊं माह असाढ़||

ख़ुशी-ख़ुशी दशरथ गए, रौनक रही बताय | 
देरी के कारण उधर, रानी सब उकताय ||

अवधपुरी के पूर्व में, आठ कोस पर एक |
बहुत बड़े भू-खंड पर, खटते  श्रमिक अनेक ||

सुन्दर मठ-मंदिर बना, पोखर बना विशेष |
हवन कुंड मंडप सजा, बटुरा अवध प्रदेश ||

थी अषाढ़ की पूर्णिमा, पुत्र-काम का यज्ञ  |
सुमिर गजानन को करें, रिस्य सृंग से विज्ञ ||

शांता भी आई वहां, रही व्यवस्था देख |
फुर्सत में थी बाँचती, सृंगी के अभिलेख ||

 समझे नहिं जब भाष्य को, बिषय दिखे  गंभीर |
फुर्सत मिलते ही मिलें, सृंगी सरयू तीर ||

देखें जब अभ्यासरत, रिस्य रिसर्चर रोज |
नए-नए सिद्धांत को, प्रेषित करते खोज || 


 
प्रेम प्रस्फुटित कब हुआ, जान सके नहिं सृंग |
वहीँ किनारे भटकता, प्रेम-पुष्प पर भृंग ||

कई दिनों तक यज्ञ  में, रहे व्यस्त सब लोग |
नए चन्द्र दर्शन हुए, आया फिर संयोग ||

पूर्णाहुति के बाद में, अग्नि देवता आय |
कर-कमलों से भूप को, देते खीर थमाय ||

दशरथ ग्रहण कर रहे, प्रकट करें आभार |
आसमान में देवता, करते जय जयकार ||

कौशल्या करती ग्रहण, आधी पावन खीर |
कैकेयी भी ले रही, होकर बड़ी अधीर ||

दोनों रानी सौंपती, आधा आधा भाग |
रहा सुमित्रा से उन्हें, अमिय प्रेम अनुराग ||

चैत्र शुक्ल की नवम तिथि, प्रगट हुवे श्री राम |
अवधपुरी पावन हुई,  नगरबना सुखधाम  ||

गोत्र दोष को काटते, रिस्य सृंग के मन्त्र |
कौशल्या सुदृढ़ करे, अपना रक्षा तंत्र ||

कैकेयी के भरत भे, हुई मंथरा मग्न |
हुवे सुमित्रा के युगल, लखन और शत्रुघ्न ||

लंका में रावण उधर, जीत विश्व बरबंड |

मानव को जोड़े नहीं, बाढ़ा बहुत घमंड ||


देव यक्ष गन्धर्व को, जीता हुआ मदांध |
 स्वर्ग जीत के टाँगता, यम को उल्टा बाँध ||

नर-वानर बूझे नहीं, माने कीट पतंग | 
अनदेखी करने लगा, करे विश्व बदरंग ||

अंग अंग लेकर विकल, गई शांता अंग |
दशा विकट रिस्य सृंग की, शोध हो रही भंग ||
  सर्ग-4
भाग-3
कौशल्या कन्या पाठशाला 


अंगराज के स्वास्थ्य को, ढीला-ढाला पाय |
चम्पारानी की ख़ुशी, सारी गई बिलाय ||


गुजर-बसर में गुजरता, सारा जीवन काल ।
 किन्तु काल सिर पर खड़ा, पूछे हाल हवाल ।   
 
पूछे हाल हवाल, सवालों ने है घेरा ।
लगा  रहा रे जीव, युगों से जग का फेरा ।
 
इन्तजार क्या करे, जुटे अब इंतजाम में ।
  छोड़े काम-तमाम, देर अब नहीं शाम में ।।

शिक्षा पूरी कर चुके, अपने राजकुमार |
अस्त्र-शस्त्र सब शास्त्र में, पाया ज्ञान अपार ||

नीति-रीति सब विधि कुशल, वय अट्ठारह साल |
राजा बोले सोम से, पद युवराज सँभाल ||

हामी भरते ही हुआ, जयकारा चहुँओर ।

निश्चित तिथि पर जमा हो, सबसे बड़ी बटोर ।

शांता आगे बढ़ करे, सारे मंगल कार्य |
बटुक परम करता मदद, सेवे वह आचार्य ||

तीन दिनों तक महल में, चहल पहल का दौर ।

हर्षित राजा रोमपद, हुवे सोम सिरमौर ।।

गुरुजन के सानिध्य में, हुआ बटुक को बोध |
दीदी से कहने लगा, दूर करें अवरोध ||

प्रारम्भिक शिक्षा हुई, थी शांता के संग |
समुचित शिक्षा के बिना, मानव रहे अपंग ||

सुनकर के अच्छा लगा,  देती आशिर्वाद  |
सृन्गेश्वर भेजूं  तुझे, चार दिनों के बाद ||

आया उसको ख्याल शुभ, रखी बाँध के गाँठ |
कन्याशाला से बढ़ें, अंगदेश  के ठाठ ||

सोम बने युवराज तो, आया श्रावण मास |
सूत्र बाँधती भ्रात को, बहनों का दिन ख़ास ||

आई श्रावण पूर्णिमा,  सूत्र बटुक को बाँध |
गई सोम को बाँधने, मन में निश्चित साँध ||

राज महल में यह प्रथम,  रक्षा बंधन पर्व |
सोम बने युवराज हैं, होय बहन को गर्व ||

चम्पारानी थी खड़ी, ले आँखों में प्यार |
शांता अपने भ्रातृ की, आरति रही उतार ||

रक्षा-धागा बाँध के, शांता बोली भाय |
मोती-माणिक राखिये, यह सब नहीं सुहाय ||

दीदी खातिर क्या करूँ, पूँछें जब युवराज |
कन्या-शाला दीजिये, सिद्ध कीजिये काज ||

बोले यह संभव नहीं, यह शिक्षा बेकार |
पढ़कर कन्या क्या करे, लालन-पालन सार ||

कन्याएं बेकार में,  समय करेंगी व्यर्थ  |
गृह कार्य सिखलाइये, शिक्षा का क्या अर्थ ??

माता ने झटपट किया, उनमे बीचबचाव  |
शिक्षित नारी से सधे, देश नगर घर गाँव ||

वेदों के विपरीत है, नारी शिक्षा बोल |
उद्दत होते सोमपद, मत शालाएं खोल ||

कुण्डली 
बढ़िया घटिया पर बहस, बढ़िया जाए हार |
घटिया पहने हार को, छाती रहा उभार |
छाती रहा उभार, दूर की लाया कौड़ी  |
करे सटीक प्रहार, दलीले भौड़ी भौड़ी |
तर्कशास्त्र की जीत, हारता दिखे अगड़िया  |
घटिया घटिया रहे, तर्क से हारे बढ़िया ||

 
बोली, मैंने भी पढ़ी, शांता का प्रतिवाद |
वेद-भाष्य रिस्य सृंग का, कोई नहीं विवाद ||


कामी क्रोधी लालची, पाये बाह्य उपाय ।
उद्दीपक का तेज नित, इधर उधर भटकाय ।
इधर उधर भटकाय, कुकर्मों में फंस जाता ।
अहंकार का दोष, मगर अंतर से आता।
  अंग राज्य अति-श्रेष्ठ, नहीं है नारि विरोधी । 
 पद मद में हो चूर, बना यह कामी क्रोधी ।।

गौशाला को हम चले,  बाकी काम अनेक |
श्रावण बीता जाय पर, मेघ दिखे नहिं एक ||

त्राहि-त्राहि परजा करे, आया अंग अकाल |
खेत धान के सूखते, ठाढ़े विकट सवाल ||
कुण्डली 

भीषण गर्मी से थका, मन-चंचल तन-तेज |
भीग पसीने से रही, मानसून अब भेज |

मानसून अब भेज, धरा धारे जल-धारा |
जीव-जंतु अकुलान, सरस कर सहज नजारा |

भूतल शीतल भाव, दिखाओ प्रभु जी नरमी |
यह तीखी सी धूप, थामिए भीषण गरमी ||

गौशाला में आ रहा, बेबस गोधन खूब |
पानी जो बरसा नहीं, जाए जन मन ऊब ||
 
सूखे के आसार हैं, बही नहीं जलधार ।
हैं अषाढ़ सावन गए, कर भादौं उपकार ।।


कुण्डली 
 सावन भी भाये नहीं, मन दारुण तड़पाय ।
मन का पंछी दूर तक, उड़ उड़ वापस आय ।
  उड़ उड़ वापस आय, स्वाँस यादें गम लाती ।
सुन गोरी चितलाय, झूल सावन जो गाती ।
भीगे भीगे शब्द, करे  यादों को पावन ।
रहा अधर में झूल, भीगता सूखा सावन ।।

दूर दूर से आ रहे, गंगाजी के तीर ||
देख विकटतम दुर्दशा, हृदय  घाव गम्भीर  ||

छोड़े अपने बैल सब, गौ भेजें गौशाल |
जोहर पोखर सूखते, बाढ़ा बड़ा बवाल ||

कुण्डली 
गरज हमारी देख के,  गरज-गरज घन खूब ।
बिन बरसे वापस हुवे, धमा-चौकड़ी ऊब ।
धमा-चौकड़ी ऊब, खेत-खलिहान तपे हैं ।
तपते सड़क मकान, जीव भगवान् जपे है ।
त्राहिमाम भगवान् , पसीना छूटे भारी ।
भीगे ना अरमान, भीगती गरज हमारी ।। 

शिविरों में संख्या बढ़ी, होता खाली कोष |
कन्या शाला के लिए, मत दे बहना दोष ||

इतने में दालिम दिखा, बोला जय युवराज |
मंत्री-परिषद् बैठती, कुछ आवश्यक काज ||

पढ़ चेहरे के भाव को, दालिम समझा बात ||
शांता बिटिया है दुखी, दुखी दीखती मात ||

दालिम से कहने लगी, परम बटुक की चाह |
पढने की इच्छा प्रबल, दीजे तनिक सलाह ||

जोड़-घटाना जानता, जाने वह इतिहास |
वह भी तो सेवक बने, मात-पिता जब दास ||

लगी कलेजे में यही,  उतरी गहरे जाय |
सोचें न उत्कर्ष की, शांता कस समझाय ||

दुखते दिल से पूछती, अच्छा कहिये तात |
राजमहल के चार कक्ष, इधर कहाँ इफरात ||

चम्पा-रानी भी कहें, हाँ दालिम हाँ बोल |
कन्या-शाला को सके, जिसमें बिटिया खोल ||

हाथ जोड़ करके कहे,  यहाँ नहीं उपलब्ध |
महल मिला जो है मुझे,  सही वहाँ  प्रारब्ध ||

शांता उछली जोर से, हर्षित निकले चीख |
कन्या-शाला के लिए, अति उत्साहित दीख ||

 आगे दालिम कह रहा, हमको ख़ुशी अपार |
ठीक-ठाक करके रखूं, कल कुल कमरे चार ||

माता को लेकर मिली, गई पिता के कक्ष |
अपनी इच्छा को रखा, सुनी राजसी पक्ष ||

सैद्धांतिक सहमति मिली, सौ पण का अनुदान |
कौशल्या शाळा खुली, हो नारी उत्थान ||

कुण्डली 
सात्विक-जिद से आसमाँ, झुक जाते भगवान् ।
पीर पराई बाँट के, धन्य होय इंसान ।
धन्य होय इंसान, मिलें दुर्गम पथ अक्सर ।
 हों पूरे अरमान, कोशिशें कर ले बेहतर ।
बाँट एक मुस्कान, मिले तब शान्ति आत्मिक ।
दीदी धन्य विचार, यही तो शुद्ध सात्विक ।।  
 
दूर दूर के कारवाँ, उनके सँग परिवार ||
रूपा शांता साथ में,  करने गई प्रचार ||

रुढ़िवादियों ने वहाँ, पूरा किया विरोध |
कई प्रेम से मिल रहे, कहीं दिखे अति क्षोभ ||

घर में खाने को नहीं, भटक रहे हो तीर |
जाने कब दुर्भिक्ष में, छोड़े जान शरीर || 

नौ तक की कन्या यहाँ, छोड़ो मेरे पास |
भोज कराउंगी उन्हें,  पूरे ग्यारह मास ||

इंद्र-देवता जब करें, खुश हो के बरसात |
 तब कन्या ले जाइए, मान लीजिये बात ||

गृहस्वामी सब एक से, जोड़-गाँठ में दक्ष |
मिले आर्थिक लाभ तो, समझें सम्मुख पक्ष ||


धरम-भीरु होते कई, कई देखते स्वार्थ |

जर जमीन जोरू सकल,इच्छित मिलें पदार्थ ||


चतुर सयानी ये सखी, मीठा मीठा बोल |
कन्यायें तेरह जमा, देती शाला खोल ||

एक कक्ष में दरी थी, उस पर चादर डाल |
तेरह बिस्तर की जगह, पंद्रह की तैयार ||

कक्ष दूसरा बन गया, फिर भोजन भंडार |
कार्यालय तीजा बना, कक्षा बनता चार ||

जिम्मेदारी भोज की, कौला रही उठाय |
सौजा दादी बन गई, बच्चों की प्रिय धाय ||

शांता पहली शिक्षिका, रूपा का सहयोग |
तख्ती खड़िया बँट गई,जमा हुवे कुछ लोग ||

रानी माँ आकर करें, शाळा शुभ-आरम्भ |
आड़े पर आता रहा, कुछ पुरुषों का दम्भ ||

 कुण्डली 
जिम्मेदारी का वहन, करती बहन सटीक |
मौके पर मिलती खड़ी, बिटिया सबसे नीक |
बिटिया सबसे नीक, पिता की गुड़िया रानी |
चले पकड़ के लीक, बेटियां बड़ी सयानी |
रविकर का आशीष, बेटियाँ बढ़ें हमारी |
मातु-पिता जा चेत, उठा यह जिम्मेदारी ||

 

नित्य कर्म करवा रहीं, सौजा रूपा साथ |
आई रमणी रमण की, लगा रही खुद हाथ ||

पहले दिन की प्रार्थना, सादर शारद केर |
एकदन्त की विनय से, कटते बाधा-फेर ||

 

कुण्डली 

उबटन से ऊबी नहीं, मन में नहीं उमंग ।
पहरे है परिधान नव, सजा अंग-प्रत्यंग ।
सजा अंग-प्रत्यंग , नहाना केश बनाना ।
काजल टीका तिलक, इत्र मेंहदी रचवाना ।
मिस्सी खाना पान, महावर की ही उलझन  ।
सोचे नहिं उत्थान, छोड़ ना पाती उबटन ।।

स्वस्थ बदन ही सह सके, सांसारिक सब भार |
  बुद्धि सदा निर्मल रहे, बढ़े सकल परिवार ||

रूपा के व्यायाम से, बच्चे थक के चूर ||
शुद्ध दूध मिलता उन्हें, घुघनी भी भरपूर ||

पहली कक्षा में करें, बच्चे कुछ अभ्यास ||
गोला रोटी सा करे, रेखा जैसे बांस || 


कुण्डली 


रिश्ते रिसियाते रहे, हिरदय हाट बिकाय ।
परिचित बेगाने हुए, ख़ुशी हेतु भरमाय ।
ख़ुशी हेतु भरमाय, नहीं अंतर-मन देखा।
धर्म कर्म व्यवसाय, बदल ब्रह्मा का लेखा ।
  दीदी का उपदेश, सरल सा चलो समझते ।
दिल में रखे सहेज, कीमती पावन रिश्ते ।।
 

एक घरी अभ्यास कर, गिनती सीखे जाय  ||
दस तक की गिनती गिनें, रूपा रही बताय ||

 
सृजन-शीलता दे जला, तन-मन के खलु व्याधि ।
बुरे बुराई दूर हों, आधि होय झट आधि ।।


सृंगी के अभिलेख से, सीखी थी इक बात |
पारेन्द्रिय अभ्यास से, हुई स्वयं निष्णात ||

दोपहर में छुट्टी हुई, पंगत सभी लगाय |
हाथ-पैर मुंह धोय के, दाल-भात सब खाय ||

एक एक केला मिला, करते सब विश्राम |
कार्यालय में आय के, करे शांता काम ||

खेलों की सूची दिया, रूपा को समझाय |
दो घंटे का खेल हो, संध्या इन्हें जगाय ||

गौशाला से दूध का, भरके पात्र  मंगाय |
संध्या में कर वंदना, रोटी खीर जिमाय ||

सौजा दादी से कही,  एक कहानी रोज |
बच्चों को बतलाइये, रखिये दिन में खोज || 

कुण्डली 
 सृष्टी में किलकारियां, जीवन के सब रंग ।
सबसे अच्छा समय वो, जो बच्चों के संग ।
जो बच्चों के संग, खिलाएं पोता पोती ।
दीपक प्रति अनुराग, प्यार से ताकें ज्योती ।
दीदी दादी होय, दीखती दमकी दृष्टी ।
ईश्वर का आभार, गोद में खेले सृष्टी ।  
 

राज-महल में शांता, बैठी ध्यान लगाय |
पावन मन्त्रों को जपे, दूरानुभूति आय ||

कुण्डली  
तिनका मुँह में दाब के, मुँह में उनका नाम ।
सौ जोजन का सफ़र कर, पहुंचाती पैगाम ।
पहुंचाती पैगाम, प्रेम में पागल प्यासी ।
सावन की ये बूंद, बढाए प्यास उदासी ।
पंछी यह चैतन्य, स्नेह पाता है जिनका ।
यह दारुण पर्जन्य, सताता तब तब तिनका ।।
 

सृंगी के मस्तिष्क की, मिलती इन्हें तरंग ||
वार्ता होने लग पड़ी, रोमांचित हर अंग ||

सादर करे प्रणाम फिर, पूछी कुल कुशलात ||
अंगदेश के बोलती, अपने सब हालात |

मिलता जब आशीष तो, जाय नेह में डूब |
बटुक परम भेजूं वहाँ, पढ़ना चाहे खूब ||

करें रिस्य स्वीकार तो, करती पुनि अनुरोध |
एक शिक्षिका भेजिए, देवे  कन्या-बोध ||

माता खट-खट कर रहीं, ये बातों में लीन |
टूटा जो संपर्क तो, तड़पी जल बिन मीन ||

कुण्डली  
अति छोटे माँ शब्द पर, बड़े बड़े विद्वान ।
 टीका करते युगों से, शुभ चर्चा व्याख्यान ।
 

   शुभ चर्चा व्याख्यान,  सृष्टि को देती जीवन ।
न्यौछावर मन प्राण, सँवारे प्राकृत बचपन ।
हो जाता शिशु  दूर,  अगर सिक्के सब खोटे ।
माता सदा महान, बहे बच्चे अति छोटे ।।

दालिम को जाकर मिली, अगले दिन समझाय |
परम बटुक गुरुकुल चले, हर्षित पढ़ने  जाय ||

वय है चौदह वर्ष की, पढने में था तेज |
आगे शिक्षा के लिए, रही शांता भेज ||

 
प्रीति होय नहिं भय बिना, दंड बिना ना नीति ।
शिक्षा गुरु बिन ना मिले, सद-गुण  बिना प्रतीति ।
 

इक हफ्ते में आ गई, माँ सा लेकर रूप |
नई शिक्षिका करे सब, शाळा के अनुरूप ||

 सुंदरी सवैया
बहिना इतिहास पुनीत बना, खुलवाय दिया कनिया पठशाला ।
पढना गढ़ना हल सीख रही, अब उद्यत उन्नति को हर बाला ।
अपने पर निर्भर हो बिटिया, शुभ मंगल मंगल मानस माला ।
ललनी ममतामय शिक्षण से, अपना घरबार सदैव सँभाला ।।

सर्ग-4

भाग-4 
अंग-देश में अकाल     

  बिटिया वेद पुराण में, रही पूर्णत: दक्ष |
शिल्प-कला में भी निपुण, मंत्री के समकक्ष ||

उपवन में बैठी करें, राजा संग विचार |
अंगदेश की किस तरह, महिमा बढ़े अपार ||

चर्चा में दोनों हुए, पूर्णतया तल्लीन |
प्रजा रहे सुख शान्ति से, धरती कष्ट विहीन ||

अंग भूमि से दूर हो, असुरों का संत्रास |
दूर भूख भय से रहे, करने उचित प्रयास ||

इसी बीच पहुँचे हुवे, पहुँचे विप्र महान |
 अपने आश्रम के लिए, लेने कृषि सामान ||

अनदेखी राजा करे, क्रोधित कहते साधु | 
घोर उपेक्षा तू करे, है अक्षम्य अपराधु ||

हरे-भरे इस राज्य में, होगी नहिं बरसात |
शापित करके चल पड़े, किया जबर आघात ||

जाते देखा विप्र को, दूर हुआ अज्ञान |
क्षमा क्षमा भूपति कहें, जूँ  नहिं
रेंगे कान ||

भादों की बरसात भी, ठेंगा गई दिखाय |
बूंद बूंद को तरसती, धरती फट फट जाय ||

झाड़ हुए झंखाड़ सब, बची पेड़ की ठूठ |
कृषक बिचारा क्या करे, छूटी हल की मूठ ||

खाने को लाले पड़े, कंठ सूखते जाँय |
खिचड़ी दोने में बटे, गंगा माय सहाय ||

जीव जंतु अकुला रहे, तड़पें छोड़ें प्राण |
त्राहि-त्राहि त्रासक त्रिशुच, त्रायमाण त्रुटि त्राण ||

अंगदेश की अति-विकट, कड़ी परीक्षा होय |
 नगर सेठ मंत्री यती, निज कर्तव्य सँजोय  ||

शाला में हर दिन बढ़ें, कन्याएं दो-चार |
चार कक्ष करने पड़े, जल्दी ही  तैयार ||

शांता ने अपना दिया, सारा कोष लुटाय |
सचमुच सन्यासिन बनी, कन्या रही पढ़ाय || 


भीषण गर्मी से हुई, कुछ बाला बीमार |
औषधि बांटे चिकित्सक, रूपा शांता प्यार ||

कुण्डली 

मिट्टी की पट्टी करे, जहाँ रोग उपचार |
शुभ दीदी का शुद्ध चित्त, ठीक करे बीमार |
ठीक करे बीमार, स्वयं भी रहे निरोगी |
उदाहरण ना अन्य, मिलें ना ऐसे योगी |
बड़े भयंकर रोग, जहाँ गुम सिट्टी-पिट्टी |
जाय ज़माना हार, वहाँ औषधि है मिट्टी ||

कौला हर दिन शाम को, कहती कथा बुझाय |
तरह तरह के स्वांग से, रहती मन बहलाय ||
कुण्डली 
संसाधन सा जानिये, संयुत कुल परिवार |
गाढ़े में ठाढ़े मिलें, जस का तस स्वीकार |
 

 जस का तस स्वीकार, कृपा की करते वृष्टी |
दादा दादी देव, दुआ दे दुर्लभ दृष्टी |
सच्चे रिश्ते मुफ्त, अनवरत शुभ अपनापन  |
संग सकल परिवार, जुटा दे सौ संसाधन |

कभी कभी बादल घिरें, गरजे खुब चिग्घाड़ |
बरसें दूजे देश में, जाँय कलेजा फाड़ ||
कुण्डली
करता हैं जो पुन्य-कर्म, संस्कार आभार ।
 तपे जेठ दोपहर की, मचता हाहाकार ।
मचता हाहाकार, पेड़-पौधे कुम्हलाये ।
जीव जंतु जब हार, बिना जल प्राण गँवाए ।

हे मानव तू धन्य , कटोरी जल की भरता  ।
दो मुट्ठी भर कनक , दया खग-कुल पर करता ।।

अनुष्ठान जप तप करें, पर ईश्वर प्रतिकूल |
ऊपर उड़ते गिद्ध-गण, नीचे उड़ती धूल ||

धीरे धीरे कम हुआ, सूरज का संताप |
मार्गशीर्ष की शीत से, रहे लोग अब काँप ||

ताजे फल तरकारियाँ, नींबू मिर्ची तीक्ष्ण |
करिए नित व्यायाम भी, नियमित सेहत वीक्ष्ण |
नियमित सेहत वीक्ष्ण, रोग रोधी होती है |
टूट-फूट कोशिका, इन्हें भी संजोती है |
रखिये अपना ख्याल, समझिये जरा तकाजे |
गर्म दुशाला डाल, रहो बन हरदम ताजे ||
कैकय का गेंहूँ वणिक,  बेचें ऊंचे दाम |
अवधराज बँटवा रहे,  अपना  धान तमाम ||

चार तरह के मनुज-गण, गुण-अवगुण भरपूर ।

पर मुश्किल पहचान है, जानो किन्तु जरूर ।।
१)
अत्याधिक हुशियार हैं, दुनिया मूर्ख दिखाय।
जोड़-तोड़ से हर जगह, लेते जगह बनाय ।।
२)
सचमुच में हुशियार हैं, हित पहलें ले साध ।
 कर्म वचन में धार है , बढ़ते  रहें अबाध ।।
 ३)
 इक बन्दा सामान्य है, साधे जीवन मूल ।
 कुल समाज भू देश हित, साधे सरल उसूल ।
४)
इस श्रेणी रविकर पड़ा, महामूर्ख अनजान ।
दुनियादारी से विलग, माने चतुर सयान ।। 

अंगदेश पर जो पड़ी, यह दुर्भिक्षी मार |
आगामी गर्मी भला, कैसे होगी पार ??

कुण्डली
 अंतर-मन से बतकही, होती रहती मौन ।
सिंहावलोकन कर सके, हो अतीत न गौण ।
हो अतीत न गौण, जाँच नित करते रहिये ।

चले सदा सद्मार्ग, निरंतर बढ़ते रहिये ।
परखो हर बदलाव,  मुहब्बत  अपनेपन से ।
रहे अबाध बहाव, प्रेम-सर अंतर-मन से |

लोग पलायन कर रहे, राजा हैं मजबूर |
बड़े मनीषी हैं जमा, सृन्गेश्वर में दूर ||

किया आकलन काल का, ढूंढा सहज उपाय |
रिस्य सृंग का ब्याह शुभ, शांता से हो जाय ||

लेकर इस सन्देश को, परम बटुक हैं जात |
साधू दुल्हा सोच के, माँ चम्पा अकुलात ||
 मत्तगयन्द सवैया
सृंग सजे सिर ऊपर जो जननी तनु-प्राण विदारत देखा |
अंग जले जल सूख घरे हर ओर पुकारत  आरत
देखा |
देख मुसीबत में परजा ममता बिटिया प्रिय वारत
देखा |
साधु वरे सुकुमारि धिया घबराकर माँ मन मारत देखा |
 
शाला आये सोम्पद, रूपा से टकरात |
सुन्दरता ऐसी लगी, जैसे हो अभिजात ||
कुण्डली 
नथुनी संग सुनार के, करती नित गुणगान ।
सुन्दर काया जो दिया,  भूली वो नादान ।
भूली वो नादान, नाक नथुनी का अन्तर । 
लागे भला सुनार,  याद न करती ईश्वर ।
अगर कटे यह नाक, करेगी क्या तू अगुनी  ।
प्रकट करो आभार, रखे प्रभु नकुना नथुनी ।।

कार्यालय में जा जमे, दीदी पहुंची जाय |
विषम परिस्थिति पर वहां, आपस में बतियाय  ||

सावन में भी न हुई, अब तक इक बरसात |
दीदी की आज्ञा मिले, आये तभी बरात ||

भाई मेरी शर्त दो, पूरी करिए आप |
मुझको न एतराज है, मिटे विकट संताप ||

शाळा का इक भवन हो, मिले बड़ा अनुदान |
संरक्षक बन कर रहें, हो सबका कल्याण ||

तन मन धन जीवन करूँ, दीदी तेरे नाम |
शर्त दूसरी भी कहो, निपटाने हैं काम ||

रूपा लेकर आ गई, पानी के दो पात्र |
चेहरे पर थी विद्वता, थी शांता की छात्र ||
कुण्डली 

सिलवट पर पिसता रहा, याद वाद रस प्रेम ।
 ऐ लोढ़े तू रूठ के,  भाँड़ रहा है नेम ।
 भाँड़ रहा है नेम, स्नेह शाश्वत नहिं छूटे ।
वासर ज्यूँ अखरोट, नहीं तेरे बिन फूटे ।
पाता था नित चैन, लुढ़क जो बदले करवट ।
बिन तेरे दिन रैन, तड़पता रहता सिलवट ।।

शांता बोली फिर कभी, रख दूंगी यह बात |
आगे काम बढ़ाइए, हो जाये बरसात ||
कुण्डली
 बंधन काटे ना कटे, कट जाए दिन-रैन ।
विकट निराशा से भरे, निकले दीदी बैन ।
निकले दीदी बैन, चैन मन को नहिं आये  ।
न्योछावर सर्वस्व,  बड़ी बगिया महकाए ।
फूलों को अवलोक, लोक में खुशबू  चन्दन ।
नारी मत कर शोक, मान ले मैया बंधन ।।   

शांता बाहर ज्यों गई, पड़ी सोम की दृष्ट |
 मित्रों ने सच ही कहा, रूपा है उत्कृष्ट ||

कैसी शाळा चल रही, कितने  कक्षा वर्ग |
रूपा की बोली मधुर, बतलाई हर सर्ग ||

जाते हैं युवराज तो,  उनको करे प्रणाम |
निपटाने रूपा लगी, एक-एक फिर काम ||

बटुक परम के पास जा, शांता पूछे हाल |
आश्रम में रखते सभी, उसका बेहद ख्याल ||

गुरुवर दीदी के लिए, भेजे यह रुद्राक्ष |
रूपा सुनके यह खबर, करती व्यंग-कटाक्ष ||

हँसी हँसी में कह गई, बातें रूपा गूढ़ | 
शांता खोई याद में, लगे पुरनिया-बूढ़ ||

संदेशा भेजें अवध, अवधि हो रही पार |
मात-पिता निश्चित करें, शुभ-विवाह का वार ||

परम बटुक के साथ में, गए सोम युवराज |
बिबिंडक के शरण में, होंय सिद्ध सब काज ||

लग्न-पत्रिका सौंपते, कर पूजा अरदास |
सादर आमंत्रित करें, उल्लेखित दिन ख़ास ||

परम बटुक मिलने गया, रिस्य सृंग के कक्ष |
किया दंडवत प्रेम से, रखे अंग का पक्ष ||  

कुण्डली 
गुरुवर की होवे कृपा, मिले मार्ग-निर्देश  |
शंकर के दर्शन सुलभ, चढ़ने में क्या क्लेश ??
चढ़ने में क्या क्लेश, सीड़ियाँ चढ़ते जाएँ ।
जय जय जय गुरुदेव, खटाख़ट बढ़ते जाएँ ।
बुद्धू पंगु-गंवार, भक्त भोला भा रविकर ।
सर-सरिता गिरि-खोह, कहीं बाधा नहिं गुरुवर ।।  



गुरुवर ! दीदी भेजती,  इक मुट्ठी यह धान |
मूक रहीं थी उस समय, अधरों पर मुस्कान ||

लेकर दोनों हाथ से, कहते माथ लगाय  |
सुन्दर क्यारी साजिए, रक्खूँ  पौध बनाय ||


सर्ग-4
भाग-5 
वार्षिक-उत्सव
स्त्री-शिक्षा पर लिखा,  सृंगी का इक लेख |
परेंद्रीय संज्ञान से, रही शांता देख ||


चाहे तारे तोड़ना, नहीं दीखती राह ।
रख चौकी पैरों तले, साहस बढ़े  अथाह ।।

धयान-मग्न होकर करे, सृंगी से वह बात |
  पर-निर्भरता नारि की, करे सदा ही घात ||

नव महिने में जो भरे, मानव तन में प्राण |
ग्यारह में क्यों न करे, अपना नव-निर्माण ||

मेहनत अपनी जाँचिये, कह सृंगी समझाय |
कन्याओं को देखिये, झट उत्तर मिल जाय ||

व्यय पूरा कैसे पड़े, सबकुछ तो प्रतिकूल |
शांता हुई विचारमग्न, सच्चे सरल उसूल ||

सावन में पूरे  हुए,  पहले ग्यारह मास |
बालाओं के लिए थे, ये अलबेले ख़ास ||

कन्याएं साक्षर हुईं, लिख लेती निज नाम |
फल-फूलों के चित्र से, खेलें वे अविराम ||

ग्यारह महिने में पढ़ीं दो वर्षों का पाठ |
तीन पांच भी बूझती, बारह पंजे साठ ||

करने में सक्षम हुईं, अपने जोड़ -घटाव  |
दिन बीते कुल तीन सौ, पाई नया पड़ाव ||

आई श्रावण पूर्णिमा, राखी हैं तैयार |
सूत कात के रुई से, ताक रही हैं द्वार ||

मात-पिता के साथ में, भाई कुल दो-चार |
सब कन्याएं लें मना,  राखी का त्योहार ||

स्नेह-सूत्र को बाँध के, बालाएं अकुलायं |
बापू उनको फिर कहीं, वापस ना ले जाँय ||

दो कन्याएं रो रहीं, मिला नहीं परिवार |
कैसे हैं माता-पिता, कैसे गए विसार ??

पता किया जब हाल तो, मिला दुखद सन्देश |
दक्षिण दिश को थे गए, असुरों के परदेश || 


 आंसू आंशुक-जल सरिस, हरे व्यथा तन व्याधि ।
समय समय पर निकलते,  आधा करते *आधि । |


लाचारी में जिंदगी, कल बढ़िया था दौर |
समय बदलता जा रहा, कुछ बदलेगा और |
कुछ बदलेगा और, आग से राख हुई जो |
पानी धूप बयार, प्यार से तनिक छुई जो  |
मिट जायेगा दर्द, सर्द सी सिसकारी में |
ढक जाएगा गर्द, और फिर लाचारी में |


शांता अब देने लगी, उनपर वेशी ध्यान |
कैसे भी पूरे करूँ, इनके सब अरमान ||

अपने गहने भी किये, इस शाळा को भेंट |
दो कपड़ों में रह रही, खुद को रही समेट ||   

 
बारह बाला घर गईं, थी जो दस से पार |
कर के सब की वंदना, देकर के उपहार  ||

नीति नियम रक्खी बना, दस तक शिक्षा देत |
कथा जुबानी सिखा के, प्रति अधिकार सचेत ||

दस की बाला को सिखा,  निज शरीर के भेद | 
साफ़ सफाई अहम् है, काया स्वच्छ सुफेद || 

वाणी मीठी हो सदा, हरदम रहे सचेत | 
चंडी बन कर मारती, दुर्जन-राक्षस प्रेत || 

जाने अच्छी तरह वह, सद-स्नेहिल स्पर्श | 
गन्दी नजरें भापती, भूले न आदर्श ||

सालाना जलसा हुआ, आये अंग-नरेश |
प्रस्तुतियां सुन्दर करें, भाँति-भाँति धर भेस ||

इक नाटक में था दिखा, निपटें कस दुर्भिक्ष |
तालाबों की महत्ता, रोप-रोप के वृक्ष ||

जब अकाल को झेलता, अपना सारा देश |
कालाबाजारी विकट, पहुंचाती है ठेस ||

बर्बादी खाद्यान  की, लो इकदम से रोक  | 
जल को अमृत जानिये, कन्या कहे श्लोक ||

गुरुकुल के आचार्य का, प्रस्तुत है उद्बोध || 
नारी शिक्षा पर रखें, अपने शाश्वत शोध ||

दस शिक्षक के तुल्य है, इक आचार्य महान |
सौ आचार्यों से बड़ा, पिता तुम्हारा जान ||

  सदा हजारों गुना है, इक माता का ज्ञान |
  शिक्षा शाश्वत सर्वथा, सर्वोत्तम वरदान ||

गार्गी मैत्रेयी सरिस, आचार्या कहलांय |
गुरु पत्नी आचार्यिनी, कही सदा ही जाँय ||

कात्यायन  की वर्तिका,  में सीधा उल्लेख |
महिला लिखती व्याकरण, श्रेष्ठ प्रभावी लेख ||

महिला शिक्षा पर करे, जो भी खड़े सवाल |
पढ़े पतंजलि-ग्रन्थ जब, मिटे ग्रंथि जंजाल ||

शांता जी ने है किया, बड़ा अनोखा कार्य |
शुभाशीष शुभ-कामना, दे उनका आचार्य ||

भेजूंगा कल पाठ्यक्रम, पांच साल का ज्ञान |
तीन वर्ष में ये करें, कन्या गुण की खान ||  

 
अब राजा अनुदान को, चार गुना कर जाँय |
शांता सन्यासिन बनी, जीवन रही बिताय ||

शाळा की चिंता लिए, दूरानिभूति साध |
सृंगी से करने लगी, चर्चा परम अगाध ||

दफनाती सारे सपन, सरल समस्या-पूर्ति । 
त्याग प्रेम बलिदान की, नारी सच प्रतिमूर्ति ।  
 नारी सच प्रतिमूर्ति , पाल पति-पुत्र-पुत्रियाँ ।
आश्रित कुल परिवार, चलाती कुशल स्त्रियाँ ।
निभा रही दायित्व, किन्तु  अधिकार भुलाती ।
  हरें
पुरुष अधिकार,  नारि इच्छा दफनाती ।।

विस्तृत चर्चा हो गई, एक पाख ही हाथ |
छूटेगा सचमुच सकल, कन्याओं का साथ ||

 करे व्यवस्था रोज ही, सुदृढ़ अति मजबूत |
सृन्गेश्वर की शिक्षिका, पाती शक्ति अकूत ||

बने प्रमुख आचार्या, लेत व्यवस्था हाथ |
सौजा कौला साथ में, रूपा का भी साथ ||

आत्रेयी ब्रह्म-वादिनी, करे अग्नि शुभ होत्र |
बालाओं की बन रही, संस्कार की स्रोत्र ||

साध्यवधू शांता करे,  सृन्गेश्वर  का ध्यान |
सखियों के सहयोग से, कार्य हुए आसान ||

आशंका चिंता-भँवर, असमंजस में लोग ।
चिंतामणि की चाह में, गवाँ रहे संजोग । 
 गवाँ रहे संजोग, ढोंग छोडो ये सारे ।
मठ महंत दरवेश, खोजते मारे मारे ।
एक चिरंतन सत्य, फूंक चिंता की लंका ।
हँसों निरन्तर मस्त, रखो न मन आशंका ।।  

सर्ग-4
भाग-6  
 शांता-सृंगी विवाह

इन्तजार इस व्याह का,  करते राजा-रंक | 
अति लम्बे दुर्भिक्ष का, झेला दारुण-डंक ||

इन्तजार की इन्तिहा, इम्तिहान इतराय ।
गरह कटे अब तो सही, विरह सही नहिं जाय ।।

वरुण देव करते रहे, मिटटी महा पलीद |
रिस्य रिसर्चर सृंग से, जागी अब उम्मीद ||

शांता के सद्कर्म से, होवे जग कल्याण |
तड़प-तड़प जीते रहे, बच जायें जो प्राण ||

रीति-कर्म होने लगे, संस्कार व्यवहार |
पाणिग्रहण के निमित्त अब, जुटती भीड़ अपार ||

भंडारे में आ रहे, दूर दूर से लोग |
पांच दिनों से खा रहे, सारे नियमित भोग ||

सृन्गेश्वर में सज गई, शंकर सी बारात |
परम बटुक लेकर चला, वर्षा की सौगात ||

दूल्हे संग इक पोटली, रही बगल में साज |
तरह तरह के साज से, गुंजित मधु-आवाज ||

दस बारह दिन से यहाँ,  गरजें बादल खूब |
बेमतलब के नाट्य से, रही शांता ऊब ||

गरज हमारी देख के,  गरज-गरज घन खूब ।
बिन बरसे वापस हुवे, धमा-चौकड़ी ऊब ।
धमा-चौकड़ी ऊब, खेत-खलिहान तपे हैं ।
तपते सड़क मकान, जीव भगवान् जपे है ।
त्राहिमाम भगवान्, पसीना छूटे भारी ।
भीगे ना अरमान, भीगती गरज हमारी ।। 


जैसे चंपा नगर में, दूल्हा करे प्रवेश  |
भूरे बादल छा गए, पाए ज्यूँ आदेश ||

सादर अगवानी करे, राजा राजकुमार |
विविन्डक ऋषि का सभी, प्रकट करें आभार ||

होय मंगलाचार इत, उत पानी बुंदियाय |
दादुर टर-टर बोलते, जीव-जंतु हर्षाय ||

रचना ईश्वर ने रची, तन मन मति अति-भिन्न |
प्राकृत के विपरीत गर, करे खिन्न खुद खिन्न |

इधर बराती चापते, छक के छप्पन भोग |
परम बटुक ढूंढे उधर, अच्छा एक सुयोग ||

साधारण से वेश में, पीयर धोती पाय |
धीरे धीरे शांता, बैठी मंडप आय ||

दृष्टि-भेद से उपजते, अपने अपने राम |
सत्य एक शाश्वत सही, वो ही है सुखधाम ।।


जमे पुरोहित उभय पक्ष, सुन्दर लग्न विचार |
गठबंधन करके  भये,   फेरे को तैयार ||

पहले फेरे के वचन,  पालन-पोषण खाद्य |
संगच्छध्वम मंत्रिता,  मंगल-मंजुल वाद्य ||

 संभृत स्वस्थ समृद्धता, त्रि-आयामी स्वास्थ |
भौतिक तन अध्यात्म मन, मिले मानसिक आथ ||

धन-दौलत संसृष्टि शक्ति, ख़ुशी कदाचित दर्द |
भोगे मिलकर संग में, दोनों औरत-मर्द ||

इक दूजे का नित करें, आदर प्रति-सम्मान |
परिवारों के प्रति रहे, इज्जत एक समान ||

सुन्दर योग्य बलिष्ठ हो,  कीर्तियुक्त संतान |
कहें पाँचवा वचन सुन, बुद्धिमान इंसान ||

शान्ति-दीर्घ जीवन मिले, नहिं भूलें परमार्थ  |
सिद्ध सदा करते रहें, इक दूजे के स्वार्थ ||

रहे भरोसा परस्पर, समझदार-साहचर्य |
प्रेमपुजारी बन रहें, बने रहें आदर्य ||

सातों वचनों को करें, दोनों अंगीकार |
बारिश की लगती झड़ी, होय मूसलाधार ||

 वर्षा होती एक सी, उर्वर लेती सोख |
ऊसर सर सर दे बहा, रहती बंजर कोख |
रहती बंजर कोख, कर्म कुछ अच्छे कर ले |
बड़ा हृदय-विस्तार, गढ़न गढ़ करके भर ले |
कोमल-आर्द्र स्वभाव, उगें नव अंकुर हर्षा  |
पर ऊसर पर व्यर्थ, असर नहिं डाले वर्षा ||


तीन दिनों तक अनवरत, भारी वर्षा होय |
घुप्प अँधेरा छा रहा, धरती धरे भिगोय ||

किच-किच होता महल में, लगे ऊबने लोग |
भोजन की किल्लत हुई, खलता यह संयोग ||

सूर्य-देवता ने दिया,  दर्शन चौथे रोज |
मस्ती में सब झूमते, नव- आशा नव-ओज ||

वैवाहिक सन्दर्भ में, शुरू हुई फिर बात |
विधियाँ सब पूरी हुईं, विदा होय बारात ||

शांता ने सादर कहा, सुनिए प्रिय युवराज |
कन्याशाळा के भवन, का कैसा है काज ||

मुझे देखनी है प्रगति, ले चलिए शुभ-थान |
सृंगी-रूपा भी चले,  आत्रेयी मेहमान ||

आधा से ज्यादा बना, दो एकड़ फैलाव |
सृंगी बोले बटुक से, वह थैली ले आव ||

गीली थैली जब तलक, बटुक वहां पर लाय |
चार क्यारियाँ  स्वयं ही, सृंगी रहे बनाय ||

शांता ने रुद्राक्ष के, बदले भेजा धान |
औषधियेय प्रभाव से, डाली इसमें जान ||

मन्त्रों से ये सिद्ध हैं, उच्च-कोटि के धान |
अन्नपूर्णा की कृपा, सदा सर्वदा मान ||

चार क्यारियों में इन्हें, रोपें स्त्री चार ||
बारह-मासी ये उगें, जस जिसका व्यवहार ||

कन्याओं को नित मिले, मन-भर बढ़िया भात ||
द्रोही गर इनको छुवे, होय तुरत आघात ||

आत्रेयी रूपा सहित, शांता रमणी जाय |
अपनी अपनी क्यारियाँ, सुन्दर देत सजाय ||

बोलें भैया सोम्पद,  इक-हजार अनुदान |
नियमित मिलिहै कोष से, रुके नहीं अभियान ||

दीदी मैंने शर्त ये, पूरी कर दी आज |
दूजी अपनी शर्त का, खोलो अबतो राज |

जुटे बहुत से लोग हैं, रहे राज अब राज |
कभी बाद में मैं कहूँ, क्या तुमको एतराज ||

दीदी मैं तो आपका, अपना छोटा भाय |
हर इच्छा पूरी करूँ, गंगे सदा सहाय ||

सृंगी के आशीष से, बहुरे मंगल-मोद |
हरी भरी होने लगी, अंगदेश की गोद ||

रूपा के सानिध्य में, चंचल राजकुमार |
आँख बचा कर सभी की, करता आँखें चार ||

 घनाक्षरी 
नयन से चाह भर, वाण मार मार कर
ह्रदय के आर पार, झूरे चला जात है |
नेह का बुलाय लेत, देह झकझोर देत
झंझट हो सेत-मेत, भाग भला जात है |
बेहद तकरार हो, खुदी खुद ही जाय खो
पग-पग पे कांटे बो, प्रेम गीत गात है |
मार-पीट करे खूब, प्रिय का धरत रूप
नयनों से करे चुप, ऐसे आजमात  है ||

कुंडलियां 
दर्पण बोले झूठ कब, कब ना खोले भेद |
साया छोड़े साथ कब, यादें जरा कुरेद |

यादें जरा कुरेद, मित्र पाया क्या सच्चा |
इन दोनों सा ढूँढ़, कभी ना खाए गच्चा |

रखिये इन्हें सहेज, कीजिये पूर्ण समर्पण |
हरदम साया साथ, सदा सच बोले दर्पण || 

शांता से छुपता नहीं, लेकिन यह व्यवहार |
रमणी को वह सौंपती, रूपा का सब भार ||


कुंडलियां 
मिलन आस का वास हो, अंतर्मन में ख़ास  
सुध-बुध बिसरे तन-बदन, गुमते होश-हवाश ।  
गुमते होश-हवाश, पुलकती सारी देंही ।
तीर भरे उच्छ्वास,  ताकता परम सनेही ।
वर्षा हो न जाय, भिगो दे पाथ रास का  ।
अब ना मुझको रोक, चली ले मिलन आस का ।।

कुंडलियां 
मुश्किल में, दिल में मिले, बढ़े आत्म-विश्वास |
कंटक-पथ पर बढ़ चले, साथ मिले जो ख़ास |
साथ मिले जो ख़ास, रास हरदम आता है |
मात्र साथ एहसास, हमें रविकर भाता है |
जीवन इक संघर्ष, कामना जय की घुलमिल |
बढ़ता मित्र सहर्ष, हाथ  थामे जब मुश्किल ||


बीस वर्ष का हो गया, लम्बा यहाँ प्रवास |
शांता आगे बढ़ चली, फिर से नए निवास ||

है कैसी यह बिडम्बना, नारी जैसे धान |
बार-बार बोई गई, बदल-बदल स्थान ||

धान कूट के फिर मिले, चावल निर्मल-श्वेत |
खेत खेत की यात्रा, हो जाती फिर खेत ||

अरसात सवैया 
शांत शरिष्ठ शशी सम शीतल, शारित शिक्षित शीकर शान्ता  ।
वाम विहारक वाहन वाजि वनौध विषाद विभीत विभ्रान्ता ।
स्नेह दिया शुभ कर्म किया, खुशहाल हुवे कुल दोउ विश्रान्ता ।
भीषण-काल अकाल पड़ा, तब कष्ट हरे बन सृन्गिक-कान्ता ।।

  सर्ग-4 
भाग -7
कौला का वियोग 
अंग-अवध छूटे सभी, सृंगी के संग सैर |
शांता साध्वी सी सदा, चाहे सबकी खैर ||

  कौला मुश्किल से सहे, हुई शांता गैर |
खट्टे-मिट्ठे दृश्य सब, गए आँख में तैर ||
  चौपाई 
रावण की दारुण अय्यारी | कौशल्या पर पड़ती भारी ||
कौशल्या का हरण कराये | पेटी में धर नदी बहाए ||

दशरथ संग जटायू धाये | पेटी सागर तट पर पाए ||
नारायण जप नारद आये | कौशल्या संग व्याह कराये ||

अवध नगर में खुशियाँ छाये | खर-दूषण योजना बनाये |
कौशल्या का गर्भ गिराया | पल-पल रावण रचता माया ||

सुग्गासुर आया इक पापी | गिद्धराज ने गर्दन नापी ||
नव-दुर्गा में खीर जिमाये |  नन्हीं-मुन्हीं कन्या आये ||

रानी फिर से गर्भ धारती | कौला विपदा विकट टारती ||
कौशल्या का छद्म वेश धर | सात मास मैके में जाकर ||

रावण के षड्यंत्र काटती | कौशल्या को ख़ुशी बांटती ||
शांता खुशियाँ लेकर आये | कौला को भी पास बुलाये ||

खुशियों पर ग्रहण लग जाता | शांता का इक पैर पिराता ||
नीमसार में सारे आते | दूर-दूर से वैद्य बुलाते ||

दशरथ कौशल्या सम गोती | गोतज से बीमारी होती ||
कन्या को अब गोद दीजिये | औषधि का नित लेप कीजिये ||

अंगदेश के राजा आते | शांता को ले गोद खिलाते ||
चम्पारानी खुब हरसाती | सूनी बगिया खिल-खिल जाती ||

दशरथ सुन्दर नाव सजाते | दास दासियाँ भी भिजवाते ||
कौला बच्ची को बहलाती | रस्ते में दालिम को पाती ||

दालिम सौजा का सौतेला | लड़े बाघ से निपट अकेला ||
 उससे भाई एक बचाए |  एक पूत को बाघ मिटाए ||


राजा देता ग्राम निकाला | किन्तु स्वयं ही उसे संभाला ||
शांता का रक्षक बन जाता | किस्मत पर अपनी मुस्काता ||


शांता अंगदेश आ जाती | कौला औषधि रोज लगाती ||
नामकरण में दशरथ आये | शांता पहला कदम बढाए ||

चम्पारानी गोद खिलाती | पुत्र सोम प्यारा सा पाती ||
कौला भी बन जाती माता | रूपा और बटुक का नाता ||

शांता से ज्यादा गहराता | बटुक पास में उसके जाता ||
गुरुकुल पढ़ने सोम जा रहे | नियमित घर आचार्य आ रहे || 

शांता को वे रोज पढ़ाते | रूपा और बटुक भी जाते ||
आठ साल में पूरी शिक्षा | शांता करती पास परीक्षा ||

वन विहार को शांता जाती | किन्तु महल में नहीं बताती ||
रूपा और बटुक भी जाए | काका अपनी जान लड़ाए ||

मिली ताड़का घेरी काका | काका बोला भाग तडाका ||
जान बची तो लाख उपाया | कई दिनों में काका आया ||

सृन्गेश्वर में सृंगी मिलते | दोनों के मन-हृदय पिघलते ||
शोध पे  लम्बी चर्चा होती | पुत्रकाम का सूत्र पिरोती ||

दशरथ यग्य कराते द्वारे | चार पुत्र पा जाते प्यारे ||
पड़े मुसीबत राम सहारा | भरत लखन शत्रुघ्न  दुलारा || 

शांता की जागी इक इच्छा | शुरू कराऊं नारी शिक्षा ||
कौशल्या शाला वह खोले | आचार्या बाला की हो ले ||

सूखा और अकाल अंग में | मरते जैसे लोग जंग में ||
पूरे साल सूखती धरती | शांता जन-जन के दुःख हरती ||

घनाक्षरी 
धरती के वस्त्र पीत, अम्बर की बढ़ी प्रीत 
भवरों की हुई जीत, फगुआ सुनाइये ।
जीव-जंतु हैं अघात, नए- नए हरे पात 
देख खगों की बरात, फूल सा लजाइये ।
चांदनी शीतल श्वेत, अग्नि भड़काय देत 
कृष्णा को करत भेंट, मधुमास आइये ।  
धीर जब अधीर हो, पीर ही तकदीर हो 
उनकी तसवीर को , दिल में बसाइए ।।


दोहे 
रो-गाकर करते विदा, छूटा फिर से देस |
किस्मत में उसके लिखा, बार बार परदेस ||

सभी हितैषी छूटते, रिश्ते बने नवीन |
परम बटुक ही है यहाँ, शिक्षा में लवलीन ||

पेटी इक श्रृंगार की,  संग में मंगल-हार |
इक माला रुद्राक्ष की, सृंगी  का उपहार ||

प्रियवर मैं समझी नहीं, भेजा जो रुद्राक्ष |
धारण करने से कहीं, काक होय ताम्राक्ष ||

समझे बिन कैसे धरी, फिर सन्यासिन रूप |
सुख सुविधा सारी तजी, त्याग भूप का कूप ||

निश्छल शांता की हँसी, लेती तब मन -मोह |
प्रतिदिन उनकी प्रीत है,  करती सद-आरोह ||

शाळा को अर्पित किया, सारा मंगल कोष |
मंगल-मंगल हो रहा, मंगलमय संतोष ||

 कन्या हर परिवेश में, पाए शिक्षा दान |
शिक्षित माता दे बना, सचमुच देश महान ||

आधी आबादी अगर, पाए न अधिकार |
सारे शासक-वर्ग को, है सौ-सौ धिक्कार ||

मैंने भेजा धान जब, हमको था यह भान |
रिस्य बूझ कर के करें, उचित मान सम्मान  ||  

एक कदम आगे बढे, करवाया एहसास |
चार क्यारियों से किया, मात-पिता के पास ||

सर्ग-4
भाग-8
आश्रम में शांता 
दो दिन का करके सफ़र, पहुंची कोसी तीर |
आश्रम में स्वागत हुआ, मिटी पंथ की पीर ||

अगला दिन अति व्यस्त था, अति-प्रात: उठ जाय |
आज्ञा लेकर सास की, नित्य कर्म निबटाय ||

कोशी की पूजा करे, कुलदेवी के बाद  |
सृन्गेश्वर को पूजती, मन में अति-अह्लाद ||

सास ससुर के चरण छू, बना रही पकवान |
आश्रम के सब जन बने, शांता के मेहमान ||

बड़ी रसोई में जले, चूल्हे पूरे सात |
दही बड़े जुरिया बनी,  उरद-दाल सह भात ||

आलू-गोभी की पकी, सब्जी भी रसदार |
मेवे वाली खीर से, छाई वहाँ बहार ||

दस पंगत लम्बी लगी, कुल्हड़ पत्तल साज |
भोजन लगी परोसने, अन्नपूर्णा आज ||

परम बटुक संग में लगा, रिस्य सृंग पद भूल |
अतिथि हमारे देवता, सबको किया क़ुबूल ||

परम बटुक से खुश सभी, शारद सदा सहाय |
एक बार के पाठ से, गूढ़ विषय आ जाय ||

पढ़े चिकित्सा शास्त्र वो, विषय बहुत ही गूढ़ ||
परंपरा के ज्ञान पर,  होकर के आरूढ़ ||

मन मानव कल्याण में, धन दौलत को भूल |
दीन-दुखी बीमार की, सेवा बने उसूल ||

नए शोध पर रख रहा, अपनी तीक्ष्ण निगाह |
कम कैसे हो सकेगी, रुग्ण मनुज की आह|

दीदी की ससुराल में, बनकर सच्चा भाय |
सेवा सुश्रुषा करे, गुरुकुल को महकाय ||

दूर-दूर से आ रहे,  याचक-दाता द्वार |
रोगी भी करवा रहे, आश्रम में उपचार ||

कुछ प्रतिनिधि विनती करें, कृपा कीजिये नाथ |
घाटी की बिगड़ी दशा, नहीं सूझता  पाथ ||
 
देव हिमाचल भूमि में, बिगढ़ रहे हालात  |
वर्षा ऋतु आधी गई, हुई नहीं बरसात ||

खाने के लाले पड़े, नंगे होंय पहाड़ |
हिंसक जीवों की वहाँ, गूंजे गरज दहाड़ ||

देव मनुज गन्धर्व सब, ऋषिवर जन-गन तोर |
घाटी की विपदा हरो, जन जन रहा अगोर ||

 ऋषी बिबंडक ने कहा, रखिये मन में धीर |
करते शीघ्र उपाय हम,  मिटे त्रिशुच की पीर ||

सृंगी से कहने लगे, हुआ पूर्ण इक साल |
शांता को भिजवाइए, अब अपनी ससुराल ||
 
कार्य यहाँ के पूर्ण कर, करिए  शीघ्र पयान  |
बड़ी समस्या का करें, जाकर उचित निदान ||

हाथ जोड़कर बोलते, सृंगी मन की बात |
सहमत ऋषिवर हो गए, बतिया बड़ी सुहात ||

जाय संभालो राज को, शांता को ले जाव |
पड़े  रास्ते  में  अवध, भाई से मिलवाव ||

मात पिता के चरण छू, परम बटुक ले साथ |
रामचंद्र  को  भेंटते , देव भूमि के पाथ ||

चरण छुवे भ्राता सभी, पाते आशीर्वाद |
शांता को आते रहे,  पूरे  रस्ते  याद ||

दशरथ, तीनों रानियाँ, आवभगत में लाग |
इन अभिनव मेहमान से, भाग अवध के जाग ||

सारी जनता आ जमी, करती जय जयकार |
उपहारों का लग गया, बहुत बड़ा अम्बार ||

सृंगी शांता बोलते, हम सन्यासी लोग |
चीजें संचय न करें, करे नहीं अति भोग ||

कृपा करके दीजिये, अनुमति हे श्रीमान |
ढूंढ़ जरूरतमंद को, बांटो यह सामान ||

कौशल्या मानी नहीं, मेवा फल मिष्ठान |
दो दिन खातिर संग में, बाँधीं कुछ पकवान || 

पलकों पर बैठा रहे, देवभूमि के लोग |
भीगी आँखें बरसती, वर्षा का संयोग ||

राजकाज में जा फंसे, रिस्य सृंग महराज |
प्रमुख सभी आने लगे, प्रेम-पालकी साज ||

कर सबको आश्वस्त तब, रिस्य रिसर्चर राज |
कर्म गूढ़ करने लगे, सिरमौरी को साज ||

रिस्य गुफा में कर रहे, बैठ लोक-कल्यान |
बटुक परम चढ़ता रहा, शिक्षा के सोपान ||  

उधर अंग में मच रहा, उथल-पुथल गंभीर |
रूपा को लग ही गए,  कामदेव के तीर ||

अंगराज अब स्वस्थ हैं, महामंत्री  संग |
मुश्किल हल करते रहे, प्रगति-पंथ पर अंग ||

 
शाला में बाला बढीं, नया भवन बनवाय |
आचार्या बारह नई, माली श्रमिक बुलाय ||

इंतजाम उत्तम किया, फैले यश चहुँ ओर |
पुंड्रा बंग विदेह जन, शाला रहे अगोर ||

परिवर्तन आया सुखद, आगे बढ़ता अंग |
नीति-नियम से चल रही, शाला नूतन ढंग ||

सोम सदा आता रहा,  कन्या-शाला पास |
रूपा से करता रहे, बातें चुप-चुप ख़ास ||

राजमहल जाने लगी, रूपा भी  दो बार |
गंगा तट पर विचरती, आई नई बहार ||

 लम्बे-लम्बे इन्तजार से मन तड़पाते  हो |
गोदी में सिर रखकर प्रियतम गीत सुनाते हो |

  देरी से आने की झूठी गाथा गाते हो,
पलकें पोल खोलती फिर भी बात बनाते हो |

शब्दों  के तुम  बड़े  खिलाड़ी  भाव  जमाते हो
अवसर पाकर अंगुली पकड़ी "पौंचा" पाते हो |

प्यासी धरती पर रिमझिम सावन बरसाते हो
मन-झुरमुट में हौले से  प्रिय फूल खिलाते हो |

एक-घरी रुक के खुद को जो व्यस्त बताते हो,
हुए अनमने, इधर उधर कर समय बिताते हो |

रह-रह कर के  विरह-अग्नि बरबस भड़काते हो,
रह-रह करके पल-पल तन-मन आग लगाते हो |

फिर  आने  का  वादा  करके  वापस  जाते हो,
वापस जाकर के फिर से तुम हमें भुलाते हो  ||


 
चाहूँ तुम्हे पुकारना, पर रहती चुपचाप |

 कैसा अंतर्द्वंद यह, कैसा यह संताप |
कैसा यह संताप, अश्रु-धारा को धारा |
रही रास्ता नाप, पुकारी नहीं दुबारा |
प्रीति रही अपनाय, प्रीति-सागर अवगाहूँ  | 

परिजन जाते छूट, तुम्हे अंतर से चाहूँ  |  

सोम फ़िदा उसपर हुए, मीठीं बातें बोल |
रूपा के तनबदन में, रहे  प्रेम-रस घोल ||

रूपा को व्याकुल करे, शांता सखी विछोह |
भटके मन वह बावली, करे सोम से मोह ||

तरुण सोम चंचलमना, चल शाळा की ओर |
मानो कोई खींचता,  कठपुतली की डोर ||
 
शांता नित करती रही, कन्या-शाळा याद |
प्राकृति पहुंचाई वहाँ, रूपा का उन्माद  ||

अनमयस्क सी शांता, रहने लगी उदास |
कार्य सिद्ध करके ऋषी, लौटे शांता पास ||

बारिस की बूंदें गिरीं, बीत रहा इक माह |
मैके जाना चाहिए, शांता करे सलाह || 

फेरे की इक रस्म है, करिए उसको पूर |
नदी मार्ग से जाइए, अंगदेश अति दूर ||

हुई पालकी में विदा, ऊँचीं नीची राह |
धीरे-धीरे छूटते, अचल कन्दरा गाह || 



तेज धार धीमी हुई, आया सम मैदान |
नाविक गण थामे वहाँ, यात्रा हेतु कमान ||
 
निश्चित तिथि पर चल पड़ी, परम बटुक के साथ |
नाव सजा के बैठती, गंगा जल ले माथ ||

 
मंगल भावों का उदय, छाये परमानंद |
शुभ शुभ योगायोग है, विरह अग्नि हो मंद |
विरह अग्नि हो मंद, चंद दिन ही तो बाकी |
महके मधु मकरंद, मस्त महिमा अम्बा की |
मैया का आशीष, ख़त्म हो मन के दंगल |
मिटे विरह की टीस, होय सब मंगल मंगल ||
सर्ग-4
भाग-9
नाव-यात्रा 
हरी भरी अति उर्वरा, शुभ गंगा वरदान |
प्रभु की महिमा से भरा, यह चौरस मैदान ||

गंगा माँ में मिल रहीं, छोटी नदियाँ आय |
यमुना आई दूर से, देख गंग हरषाय ||

 कुण्डलियाँ 
इड़ा पिंगला साध लें, मिले सुषुम्ना गेह ।
बरस त्रिवेणी में रहा, सुधा समाहित मेह ।..

 सुधा समाहित मेह, गरुण से कुम्भ छलकता ।
संगम दे सद्ज्ञान , बुद्धि में भरे प्रखरता  ।

रविकर शिव-सत्संग, मगन-मन सुने इंगला ।
कर नहान तप दान, मिले वर इड़ा-पिंगला। 


सरस्वती भी हैं यहाँ, त्रिवेणी का धाम |
सुन्दर होती आरती, मुग्ध कर रही शाम ||

संगम पहली मर्तवा, देख प्रफुल्लित होय |
करती संध्या वंदना, अपना बदन भिगोय ||

भक्त पापधी पानि-शत, करें प्रदूषित पानि ।
पानिप घटती पानि की,  बनता बड़ा सयानि ।


रात यहीं विश्राम कर, सुबह बढ़ाई नाव |
काशी में दर्शन करे, भक्ति-भाव हर ठाँव  ||

  गंगा उत्तर वाहिनी, थी अथाह जलरास |
नाव चलाने में मगर, बड़े कुशल सब  दास ||  

धीरे धीरे हो गया, सरयू संगम पार |
गंगा जी के पाट का, बढ़ा और विस्तार ||


जल-धारा अनुकूल पा, चले जिंदगी नाव ।
धूप-छाँव लू कँपकपी, मिलते गए पड़ाव ।। 

आश्विन में बूंदें पड़े, बढे रात में शीत |
नाविक आगे बढ़ रहे, मनभावन संगीत  ||

ना जाने कब नींद ने, लिया उन्हें भी घेर |
बालू भित्ती में फंसे,  होने लगी कुबेर ||

दोपहर भी बीती वहां,  नहीं लग रहा दाँव  |
हिकमत करके हारते, निकल सकी ना नाव ||

टकराने से खुल गया, महत्वपूर्ण इक जोड़ |
पानी अन्दर घुस रहा, उलचें बाहें मोड़ ||


छेद नाव में अटके-नौका, कभी नहीं नाविक घबराये ।
जल-जीवन में गहरे गोते, सदा सफलता सहित लगाये ।
इतना लम्बा जीवन-अनुभव, नाव किनारे पर आएगी -
पतवारों पर अटल भरोसा, भव-रस्ता भी पार कराये ।।

पीछे से आती दिखी, एक बड़ी सी नाव |
मदद मांगते मित्रवर, तट पर नाव कराव ||

पूछतांछ करते पता, एक कोस पर गाँव |
यथाशीघ्र जाओ वहाँ, कारीगर ले आव ||

इक नाविक के संग में, परम बटुक अगवान |
शांता देती एक पण, लाने को सामान ||

दोनों तेजी से गए, गई घरी इक बीत |
दो ही आते दीखते, बदल गई क्या रीत ||

मानव मानव की करे, मदद सदा हरसाय | 
मीठी बोली पर सखे, माटी मोल बिकाय ||

चले मरम्मत बिन नहीं, आगे मेरी नाव |
शांता बोली नाविकों,  तम्बू यहीं लगाव ||

आगंतुक को देखकर, शांता है हैरान |
परम बटुक उनमें नहीं, लगे निकलने प्रान ||

नाविक बोला माँ सुनों, भाई बड़ा महान |
महारुजा से ले बचा, तीन जनों की जान ||

घोर संक्रमण से ग्रसित, हुवे गाँव के लोग |
बदन तपे खुब ज्वर चढ़े, जाने कैसा रोग ||

कारीगर चरणन पड़ा, बचा लीजिये ग्राम |
शांता देकर सांत्वना, बोले भज हरिनाम ||

चार घरी में कर दिया, पूर्ण मरम्मत काम |
हाथ जोड़कर बोलता, रात करें विश्राम ||

अगले दिन प्रात: वहाँ, तट पर आये लोग |
गन्ना गुड़ चूड़ा चढ़ा, चढ़ा रहे सब भोग ||

साध्वी शांता के छुवें, आदर से सब पाँव |
एक वृद्ध से जब सुनी, गाँव सुपरिचित नाँव || 



क्या दालिम को जानते, वही रमण के भाय |
अंगदेश जाकर बसे, महाराज ले जाय || 



जय हो देवी शांता, जय जय जय जयकार |
दालिम का ही पूत है, करे वहाँ उपचार ||

भरी दुपहरी में दिखा, बटुक तनिक घबरात |
शांता को खुश देखकर, फिर थोडा मुस्कात ||

पीड़ा सहकर भी करो, दूजे का कल्याण |
यही चिकित्सक कर्म है, मत जाने दो प्राण ||

बटुक परम ज्यों जानता, यह बाबा का ग्राम |
बड़े बुजुर्गों को करे, छूकर पैर प्रणाम ||

औषधि सबको दी बता, दिया सफाई सीख |
मुखिया को समझा दिया, ग्राम आश्वस्त दीख ||

विदा विदाई हो गई, चली दुबारा नाव |
पाल ठीक से बाँध के, थोड़ा वेग बढ़ाव ||

इक पण तुमको था दिया, कहाँ गए तुम भूल |
रमण बिचारा कर रहा, अपनी भूल कुबूल ||

वापस पण करने लगा, शांता दी मुसकाय |
भाई रख ले पास में,  काम समय पर आय ||

बटुक कहे दीदी रखो, मुझे पड़े न काम |
मैं तो हूँ शिक्षार्थी, भिक्षाटन हरिनाम ||

जब नाविक को चढ़ गया, मध्य रात में ताप |
जड़ी बटुक की झट करे, कम उसका संताप || 
रिश्तों से रिसता रहे, दंभ स्वार्थ शठ-नीत ।
दोनों मन विश्वास हो, श्रृद्धा प्रेम पुनीत ।
श्रृद्धा प्रेम पुनीत,  बड़ी भंगुरता इनमे ।
लगे कांच जो ठेस, बिखर जाता है छिन  में ।
आये मुश्किल काल, चाल न चलो फरिश्तों  ।
हाथ पकड़ हर हाल, चलो ऐ भूले रिश्तों ।।


पानी  ढोने का  करे,  जो बन्दा  व्यापार  |
मुई प्यास कैसे भला, सकती उसको मार ||

लहरों के संग खेलना, लहरें जीवन देत |
लहरें ही हैं  जिंदगी, यही बैल हल खेत ||

गंगा उत्तरवाहिनी, बना है सुन्दर घाट |
नाव किनारे पर लगा, घूमी शांता हाट ||

परम बटुक करने लगे, राजनीति पर बात |
कितना होना चाहिए, कर का सद-अनुपात ||

उत्तरदायी राज्य-प्रति, या राजा प्रति होय |
मंत्री का क्या कार्य है, कहिये दीदी सोय ||

विधिसम्मत कैसे रहे, होय न्याय का राज |
राज-पुरुष के दोष पर, उठे कहाँ आवाज ||

प्रमुख विराजें ग्राम में, अंकुश का क्या रूप |
जन कल्याणी कार्य के, कैसे होंय स्वरूप ||

लम्बी चर्चा हो रही, विद्वानों की राय |
राज पक्ष प्रस्तुत करे, दीदी दे समझाय ||


सर्ग-5
अंतिम भाग 
पञ्च-रत्न 
शादी होती सोम से, शांता का आभार |
कौला दालिम खुश हुए, पाती रूपा प्यार ||

चाहत की कीमत मिली, अहा हाय हतभाग ।
इक चितवन देती चुका, तड़पूं अब दिन रात ।

तड़पूं अब दिन रात,  आँख पर आंसू छाये ।

दिल में यह तश्वीर, गजब हलचलें मचाये ।

देती कंटक बोझ, इसी से पाई राहत । 

कर्म कर गई सोझ, कोंच के नोचूं चाहत ।।

समाचार लेते रहे, शांता सृंगी व्यस्त  |
दुरानुभूती माध्यम, सूर्यदेव जब अस्त ||


परम बटुक को मिल रहा, राजवैद्य का नेह |
साधक आयुर्वेद का, करता अर्पित देह ||
 

कविता कर कर के करे, कवि कुल आत्मोत्थान ।
जैसे योगी तन्मयी, करे ईश का ध्यान ।
करे ईश का ध्यान, शान में पढ़े कसीदे ।
भावों में ले ढाल, ढाल से  सौ उम्मीदें  ।
रोके तेज कटार, व्यंग वाणों को रविकर ।
कायम रख ईमान, हमेशा कविता कर कर ।। 

कौशल्या उत्सुक बड़ी, कन्याशाला घूम |
मन को हर्षित कर गई, बालाओं की धूम ||

गोदी की इक बालिका, आकर करे कमाल |
संस्कारित शिक्षित करे, दो सौ ललना पाल ||

हर बाला इक वंश है, फूले-फले विशाल |
होवे देवी मालिनी,  हरी भरी हर डाल || 



पैरों पर होना खड़े, सीखो सखी जरुर ।
 आये जब आपात तो,  होना मत मजबूर ।
 होना मत मजबूर, सिसकियाँ नहीं सहारा ।
कन्धा क्यूँकर खोज, सँभालो जीवन-धारा ।
समय हुआ विपरीत, भरोसा क्यूँ गैरों पर ?
 खुद से लिखिए जीत,  खड़े अपने पैरों पर ।।
शाळा को हर एक वर्ष, सौ पण का अनुदान |
कौशल्या कहकर चली, बिटिया बड़ी महान ||


राम-लखन के साथ में, शांता समय बिताय |
दूल्हा-दुल्हन की डगर, हक़ से छेके जाय ||
 
स्वर्णाभूषण त्याग दी,  आडम्बर सब त्याग |
भौतिकता से  है  नहीं,  दीदी  को  अनुराग ||

दीदी बोली कीजिये, शर्त दूसरी पूर |
शाळा हरदिन जायगी, रूपा सखी जरूर ||

जिम्मेदारी दीजिये, खींचों नहीं लकीर  |
नारी में शक्ती बड़ी, बदल सके तक़दीर ||

कन्याएं दो सौ वहां, अभिभावक दो एक |
शाला की चिंता हरे, रूपा मेरी नेक ||

बना व्यवस्था चल पड़ी, वह शाळा की ओर |
आत्रेयी को सौंपती, पञ्च-रत्न की डोर ||

आचार्या करने लगी, प्रश्न-पत्र तैयार |
कई चरण की जाँच से, होना होगा पार ||

नियत तिथि पर आ रहे, लेकर सब उम्मीद |
कन्याशाला में टिके,  पढ़ उद्धृत-ताकीद ||

पहला दिन आराम का, हुई ना कोई जाँच |
नगर भ्रमण कोई करे, कोई पुस्तक बाँच ||

कोई बैठा बाग़ में, कोई गंगा तीर |
खेल करे मैदान में, कई सयाने वीर ||

मिताहार कोई वहां, मिताचार से प्यार |
कुछ तो भोजन भट्ट हैं, और कई लठमार ||

सूची इक जारी हुई, बाइस वापस जाव |
बाकी इक्कावन बचे, काया जाँच कराव ||

तेरह इसमें छट गए, अड़तिस गंगा तीर |
डूबी पानी में उधर, ग्यारह की तकदीर ||

सत्ताईस की लेखनी, बाइस हों उत्तीर्ण |
पाँच जनों के हो रहे, ऐसे भाग-विदीर्ण ||

राज महल में मिल गया, सबको एकल कक्ष |
अपने अपने विषय में, थे ये पूरे दक्ष ||

बाइस पहले जो छटे, शाला के प्रति द्वेष |
शिक्षा के प्रति थी नहीं, उनमें रुची विशेष ||

राजकाज के काम दो, दिए एक से जाँय |
तीन दिनों में एक को, आओ सब निपटाय ||

प्रतिवेदन प्रस्तुत करो, लिखकर वापस आय |
एक परीक्षा बचेगी, तेरह  को  बिलगाय ||

गुप्तचरों की सूचना, वा प्रस्तुत आलेख |
महामंत्री ने चुने, प्रतिभागी नौ  देख ||

अगले दिन दरबार में, बैठे अंग नरेश |
नौ के नौ आयें वहां, धर दरबारी भेष ||

साहस संयम शिष्टता, अनुकम्पा औदार्य |
मितव्ययी निर्बोधता, न्याय-पूर्ण सद्कार्य ||

क्षमाशीलता सादगी, सहिष्णुता गंभीर |
सच्चाई प्रफुल्लता, निष्कपटी मन धीर ||

स्वस्ती मेधा शुद्धता, हो चारित्रिक ऐक्य |
दानशीलता आस्तिक, अग्र-विचारी शैक्य ||

सर्वगुणी सब विधि भले, सब के सब उत्कृष्ट |
अंगदेश को गर्व है, गर्व करे यह सृष्ट ||

जाँच-परखकर कर रहे, सबको यहाँ नियुक्त |
एक वर्ष के बाद में, होंय चार जन मुक्त ||

तीन मास बीते यहाँ, आया फिर वैशाख |
शांता सृन्गेश्वर चली, मन में धीरज राख ||

कन्याओं से मिल लिया, पुष्पा-पुत्तुल पास |
रमणी को देकर चली, एक हिदायत ख़ास ||

 बटुक रमण फिर से चला, दीदी को ले साथ |
शिक्षा विधिवत फिर करे, जय हो भोले नाथ ||


आश्रम की रौनक बढ़ी, सास-ससुर खुश होंय |
सृंगी अपने शोध में, रहते  हरदम खोय ||

शांता सेवा में जुटी, परम्परा निर्वाह |
करे रसोईं चौकसी, भोजन की परवाह ||

शिष्य सभी भोजन करें, पावें नित मिष्ठान |
करें परिश्रम वर्ग में, नित-प्रति बाढ़े ज्ञान ||
 
वर्षा-ऋतु में पूजती, कोसी को धर ध्यान |
सृन्गेश्वर की कृपा से, उपजे बढ़िया धान ||
शांता की बदली इधर, पहले वाली चाल |
धीरे धीरे पग धरे, चलती बड़ा संभाल ||
खान-पान में हो रहा, थोडा सा बदलाव |
खट्टी चीजें भा रहीं,  बदल गए अब चाव ||
 
सासू माँ रखने लगीं, अपनी दृष्टी तेज |
प्रफुल्लित माता रखे,  चीजें सभी सहेज ||
 
पुत्री सुन्दर जन्मती, बाजे आश्रम थाल |
सेवा सुश्रुषा करे, पोसे बहुत संभाल ||
 
तीन वर्ष पूरे हुए, शिक्षा पूरी होय |
दीदी से मिलकर चले, बटुक अंग फिर रोय || 
 
फिर पूरे परिवार से, करके नेक सलाह |
माँ दादी को साथ ले, पकड़ें घर की राह || 
 
आश्रम इक सुन्दर बना, करते हैं उपचार |
साधुवाद है वैद्य जी, बहुत बहुत आभार ||
तीन वर्ष बीते इधर, मिला राज सन्देश |
वैद्यराज का रिक्त पद, तेरे लिए विशेष ||
 
क्षमा-प्रार्थना कर बचे, नहीं छोड़ते ग्राम |
आश्रम फिर चलता रहा, प्रेम सहित अविराम ||
रक्षाबंधन पर मिली, शांता घर पर आय |
भागिनेय दो गोद में, दीदी रही खेलाय ||

पुत्तुल के संग वो रखी, पाणिग्रहण प्रस्ताव |
मेरी सहमति है सदा, पुत्तुल की बतलाव ||

शांता लेकर बटुक को, चम्पानगरी जाय |
पुत्तुल के इनकार पर, रही उसे समझाय ||
 
नश्वर जीवन कर दिया, इस शाळा के नाम |
बस नारी उत्थान हित, करना मुझको काम ||
 
पुष्पा से एकांत में, मिलती शांता जाय |
वैद्य बटुक से व्याह हित, मांगी उसकी राय ||

शरमाई बाहर भगी, मिला मूल संकेत |
मंदिर में शादी हुई, घरवाला अनिकेत ||

रूपा से मिलकर हुई दीदी बड़ी प्रसन्न |
गोदी में इक खेलता, दूजा है आसन्न ||

पञ्च रत्न की सब कथा, पूछी फिर चितलाय |
डरकर नकली असुर से, भाग चार जन जाँय ||

पञ्च-रतन को एक दिन, दे अभिमंत्रित धान | 
खेती करने को कहा, देकर पञ्च-स्थान ||

बढ़िया उत्पादन हुआ, मन सा निर्मल भात |
खाने में स्वादिष्टतम, हुआ न कोई घात ||

राज काज मिल देखते, पंचरत्न सह सोम |
महासचिव का साथ है, कुछ भी ना प्रतिलोम ||

पिताश्री ने एक दिन, सबको लिया बुलाय |
पंचरत्न में चाहिए, स्वामिभक्त अधिकाय ||

चाटुकारिता से बचो, इंगित करिए भूल |
राजधर्म का है यही, सबसे बड़ा उसूल ||


औरन की फुल्ली लखैं , आपन  ढेंढर  नाय
ऐसे   मानुष   ढेर  हैं,   चलिए  सदा  बराय||

निर्बुद्धि की जिन्दगी, सुख-दुःख से अन्जान |
निर्बाधित जीवन जिए,  डाले  न व्यवधान  ||

बुद्धिवादी परिश्रमी,  पाले  घर  परिवार |
मूंछे  ऐठें  रुवाब से,  बैठे  पैर  पसार  ||

बुद्धिजीवी  का  बड़ा, रोचक  है  अन्दाज |
जिभ्या ही करती रहे, राज काज आवाज ||

बुद्धियोगी  हृदय  से,  लेकर  चले समाज |
करे भलाई जगत का, दुर्लभ हैं पर आज ||

लेकर सेवा भावना, देखो भाग विभाग |
पैदा करने में लगो, जनमन में अनुराग ||

मात-पिता से पूछ के, कुशल क्षेम हालात |
संतुष्टि पाती वहां, शांता वापस जात ||

कुशल व्यवस्थापक बनी, हुई भगवती माय |
पाली नौ - नौ  पुत्रियाँ,  आठो  पुत्र पढाय ||

एक से बढ़कर एक थे, संतति सब गुणवान |
शोध भाष्य करते रहे, पढ़ते वेद - पुरान ||

वैज्ञानिक वे श्रेष्ठ सब, मन्त्रों पर अधिकार |
अपने अपने ढंग से, सुखी करें संसार ||

सास-ससुर सब सौंप के, गए देव अस्थान |
राजकाज सब साध के, देकर के वरदान ||

वन खंडेश्वर को गए, बिबंडक महराज |
भिंड आश्रम को सजा, करे वहां प्रभु-काज ||

आठ पौत्रों से मिले, सब है बेद-प्रवीन |
बड़े भिंड के हो गए, आश्रम में आसीन ||
 
सौंपें सारे ज्ञान को, बाबा बड़े महान |
स्वर्ग-लोक जाकर बसे, छोड़ा यह अस्थान ||

भिन्डी ऋषि के रूप में, हुए विश्व विख्यात |
सात राज्य में जा बसे, पौत्र बचे जो सात ||


एक अवध में जा बसे, सरयू तट के पास |
बरुआ सागर आ गया, एक पुत्र को रास ||

विदिशा जाकर बस गए, सबसे छोटे पूत |
पुष्कर की शोभा बढ़ी, बाढ़ा वंश अकूत ||

आगे जाकर यह हुए, छत्तीस कुल सिंगार |
छ-न्याती भाई यहाँ, अतुलनीय विस्तार ||

बसे हिमालय तलहटी, चौरासी सद्ग्राम |
वंशज सृंगी के यहाँ, रहते हैं अविराम ||
सृंगी दक्षिण में गए, पर्वत बना निवास |
ज्ञान बाँट करते रहे, रही शांता पास ||

वंश-बेल बढती रही, तरह तरह के रूप |
कहीं मनीषी बन रमे, हुए कहीं के भूप ||

मंत्रो की शक्ती प्रबल, तंत्रों पर अधिकार |
कलियुग के प्रारब्ध तक, करे वंश व्यवहार ||

हुए परीक्षित जब भ्रमित, कलियुग का संत्रास |
स्वर्ण-मुकुट में जा घुसा, करता बुद्धी नाश  ||

सरिता तट पर एक दिन, लौटे कर आखेट |
लोमस ऋषि से हो गई, भूपति की जब भेंट ||

बैठ समाधि में रहे, राजा समझा धूर्त |
मरा सर्प डाला गले, जैसे शंकर मूर्त ||

वंशज देखें सृंग के, भर अँजुरी में नीर |
मन्त्रों से लिखते भये, सात दिनों की पीर ||

यही सर्प काटे तुम्हें, दिन गिनिये अब सात |
गिरे राजसी कर्म से, सहो मृत्यु आघात ||

मन्त्रों की इस शक्ति का, था राजा को भान |
लोमस के पैरों पड़ा, वह राजा नादान ||
 i
लेकिन भगवत-पाठ सुन, त्यागा राजा प्रान |
यह पावन चर्चित कथा, जाने सकल जहान || 


मत्तगयन्द सवैया 
 
संभव संतति संभृत संप्रिय, शंभु-सती सकती सतसंगा ।

संभव वर्षण  कर्षण कर्षक, होय अकाल पढ़ो मन-चंगा ।
पूर्ण कथा कर कोंछन डार, कुटुम्बन फूल फले सत-रंगा ।
स्नेह समर्पित खीर करो, कुल कष्ट हरे बहिना हर अंगा ।।
जय जय भगवती शांता परम




 साँचा नाचा चतुर्दिक, शब्द अब्द कटि चोज । 
चुने चुनिन्दा चुनरियाँ, सोहै ओज उरोज |

सोहै ओज उरोज, रोज अभ्यास निरंतर |
दूर करे त्रुटि खोज, करे निर्मल तनु-अंतर |

भरे भाव रस छंद, बचे नहिं खाली खाँचा |
काव्य रचे मतिमंद, मिले जो गुरुवर साँचा ||
*चोज=सुभाषित /मजाकिया बात



होता स्वाहा बोल के, समिधा देता डाल ।
खुश होता जब देव वह, देता दुगुना माल ।

देता दुगुना माल , यहाँ पतझर का स्वाहा ।
धरती पर हरसाल, होय वासंतिक हा हा ।

परिवर्तन का दौर, लगा ले भैया गोता ।
जो चाहे प्रभु राम, वही तो हरदम होता । ।