width="100"

Friday 2 November 2012

श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता सर्ग-1 / 2/ 3

उन्नीस दग्धाक्षर हैं — ट, ठ, ढ, ण, प, फ़, ब, भ, म, ङ्, ञ,  त, थ, झ, र, ल, व, ष,  ह।  — इन उन्नीस वर्णों का पद्य के आरम्भ में प्रयोग वर्जित है. इनमें से भी झ, ह, र, भ, ष त्याज्य हैं-
प्रस्तावना 
शांता सुता दशरथ पिता है मातु कौशल्या रही।
श्रृंगी मिले पति रूप में पर है नहीं वर्णन कहीं ।
श्री राम की भगिनी मगर तुलसी महाकवि मौन हैं।
विद्वान-विदुषी पूछते अथ देवि शांता कौन है ।

समगोत्र थे माता-पिता, इक अंग टेढ़ा हो गया ।
ले गोद लेती वर्षिणी देती दिखा मौसी मया ।
जो अंग की रानी रही, औलाद नहिं कोई जिसे। 
परिवेश फिर पाई नया, वह अंग में जाकर बसे ॥ 

कुंडली 
 रविकर नीमर नीमटर, वन्दे हनुमत नाँह ।
विषद विषय पर थामती, कलम वापुरी बाँह ।
कलम वापुरी बाँह, राह दिखलाओ स्वामी ।

बहन शांता श्रेष्ठ, मगर हे अन्तर्यामी ।
नहीं काव्य दृष्टांत, उपेक्षित त्रेता द्वापर ।
रचवा दे शुभ-काव्य, हुवा शरणागत-रविकर ।
नीमटर=किसी विद्या को कम जानने वाला 
नीमर=कमजोर )

भाग-1
Om
श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता

सोरठा  
  वन्दऊँ श्री गणेश, एकदंत हे गजबदन  |
जय-जय जय विघ्नेश, पूर्ण कथा कर पावनी ||1||
http://2.bp.blogspot.com/_OCu_uIvUaLs/TUe7KnZeMlI/AAAAAAAAFO0/tkFtiEC1-zE/s1600/shree-ganesh.jpg

वन्दऊँ गुरुवर श्रेष्ठ, कृपा पाय के मूढ़ मति,
गुन-गँवार ठठ-ठेठ, काव्य-साधना में रमा ||2||

गोधन-गोठ प्रणाम, कल्प-वृक्ष गौ-नंदिनी |
गोकुल चारो धाम, गोवर्धन गिरि पूजता ||3||

वेद-काल का साथ, गंगा सिन्धु सरस्वती |
ईरानी हेराथ, है सरयू समकालिनी ||4||

राम-भक्त हनुमान,  सदा विराजे अवधपुर |
 सरयू होय नहान, मोक्ष मिले अघकृत तरे ||5||

 करनाली का स्रोत्र, मानसरोवर अति-निकट |
करते जप-तप होत्र, महामनस्वी विचरते ||6||

क्रियाशक्ति भरपूर, पावन भू की वन्दना |
राम भक्ति में चूर, मोक्ष प्राप्त कर लो यहाँ ||7||

सरयू अवध प्रदेश, दक्षिण दिश में बस रहा |
हरि-हर ब्रह्म सँदेश, स्वर्ग सरीखा दिव्यतम ||8||

पूज्य अयुध  भूपाल, रामचंद्र के पूर्वज |
गए नींव थे डाल, बसी अयोध्या पावनी ||9||
 
दोहा 

शुक्ल पक्ष की तिथि नवम, पावन कातिक मास |
 करें नगर की परि-क्रमा, मन श्रद्धा-विश्वास ||

मर्यादा आदर्श गुण, अपने हृदय उतार |
श्री राम के सामने, लम्बी लगे कतार |

  पुरुषोत्तम सरयू उतर, होते अंतर्ध्यान |
त्रेता युग का अवध तब, हुआ पूर्ण वीरान |

 सद्प्रयास कुश ने किया, बसी अयोध्या वाह |
 सदगृहस्थ वापस चले, पुन: अवध की राह |

 कृष्ण रुक्मणी अवध में, आये द्वापर काल |
पुरुषोत्तम के चरण में, गये सुमन शुभ डाल ||

कलयुग में सँवरी पुन:, नगरी अवध महान |
वीर विक्रमादित्य से, बढ़ी नगर की शान ||

देवालय फिर से बने, बने सरोवर कूप |
स्वर्ग सरीखा सज रहा, अवध नगर का रूप ||

भाग-2

सोरठा  

माया मथुरा साथ, काशी कांची अवंतिका |
महामोक्ष का पाथ, श्रेष्ठ अयोध्या द्वारिका ||10||

अंतरभूमि  प्रवाह, सरयू सरसर वायु सी
संगम तट निर्वाह,  पूज घाघरा शारदा ||11||
 
 
इत पुरखों का वास, तीन कोस बस दूर है |
बचपन में ली साँस, यहीं किनारे खेलता ||12||


परिक्रमा श्री धाम, होय सदा हर फाल्गुन|
पटरंगा मम ग्राम, चौरासी  कोसी  परिधि ||13||

थे दशरथ महराज, उन्तालिस निज वंश के |
रथ दुर्लभ अंदाज, दशों दिशा में हांक लें ||14||
 
पिता-श्रेष्ठ 'अज' भूप, असमय स्वर्ग सिधारते |
 निकृष्ट कथा कुरूप, मातु-पिता चेतो सुजन  ||15||

दशरथ बाल-कथा --
  दोहा 
इंदुमती के प्रेम में, भूपति अज महराज |
लम्पट विषयी जो हुए, झेले राज अकाज ||1||
 
घनाक्षरी  
दीखते हैं मुझे दृश्य मनहर चमत्कारी
कुसुम कलिकाओं से वास तेरी आती है
कोकिला की कूक में भी स्वर की सुधा सुन्दर 
प्यार की मधुर टेर सारिका सुनाती है
देखूं शशि छबि भव्य  निहारूं अंशु सूर्य की -
रंग-छटा उसमे भी तेरी ही दिखाती है |
कमनीय कंज कलिका विहस 'रविकर'
तेरे रूप-धूप का ही सुयश फैलाती है ||



गुरु वशिष्ठ की मंत्रणा, सह सुमंत बेकार |
इंदुमती के प्यार ने, दूर किया दरबार ||2||

क्रीड़ा सह खिलवाड़ ही, परम सौख्य परितोष |
सुन्दरता पागल करे, मन-मानव मदहोश ||3||

अति सबकी हरदम बुरी, खान-पान-अभिसार |
क्रोध-प्यार बड़-बोल से,  जाय जिंदगी हार ||4||  

झूले  मुग्धा  नायिका, राजा  मारे  पेंग |
वेणी लागे वारुणी,  रही दिखाती  ठेंग ||5||

राज-वाटिका  में  रमे, चार पहर से आय |
तीन-मास के पुत्र को, धाय रही बहलाय ||6||

नारायण-नारायणा,  नारद निधड़क नाद |
अवधपुरी के गगन पर, स्वर्गलोक संवाद ||7||

वीणा से माला गिरी, इंदुमती पर  आय |
ज्योत्सना वह अप्सरा, जान हकीकत जाय ||8||

एक पाप का त्रास वो, यहाँ रही थी भोग |
स्वर्ग-लोक नारी गई, अज को परम वियोग ||9||

माँ का पावन रूप भी, उसे सका ना रोक |
तीन मास के लाल को, छोड़ गई इह-लोक ||10|| 

 
विरह वियोगी जा महल, कदम उठाया गूढ़ |
भूल पुत्र को कर लिया, आत्मघात वह मूढ़ ||11|

कुण्डली 
 (1)
उदासीनता की तरफ, बढ़ते जाते पैर ।
रोको रविकर रोक लो,  जीवन से क्या बैर ।   
जीवन से क्या बैर, व्यर्थ ही  जीवन त्यागा ।
किया पुत्र को गैर,  करे क्या पुत्र  अभागा  ?
दर्द हार गम जीत,  व्यथा छल आंसू हाँसी ।
जीवन के सब तत्व, जियो जग छोड़ उदासी ।। 

 दोहा 

प्रेम-क्षुदित व्याकुल जगत, मांगे प्यार अपार |
जहाँ  कहीं   देना   पड़े, करे व्यर्थ तकरार ||

 कुण्डली 
मरने से जीना कठिन, पर हिम्मत न हार ।
 कायर भागे कर्म से, होय कहाँ उद्धार ?
होय कहाँ उद्धार, चलो पर-हित कुछ  साधें ।
 बनिए नहीं लबार, गाँठ जिभ्या पर बांधें ।
फैले रविकर सत्य, स्वयं पर जय करने से । 
 जियो लोक हित मित्र, मिले न कुछ मरने से ।   

माता की ममता छली, करता पिता अनाथ |
रोय-रोय शिशु हारता, पटक-पटक के माथ ||12||


भाग-3



कुंडली  
दुःख की घड़ियाँ सब गिनें, घड़ी - घड़ी  सरकाय ।
धीरज हिम्मत बुद्धि बल, भागे तनु विसराय ।
भागे तनु विसराय, अश्रु दिन-रात डुबोते ।
रविकर मन बहलाय, स्वयं को यूँ ना खोते ।
समय-चक्र गतिमान, घूम लाये दिन बढ़िया ।
मान ईश का खेल, गिनों कुछ दुःख की घड़ियाँ ।।

क्रियाकर्म विधिवत हुआ, तेरह दिन अति -शोक |

आसमान शिशु ताकता, खाली महल बिलोक ||13||  

आंसू बहते अनवरत, गला गया था बैठ |
राज भवन में थी सदा, अरुंधती की पैठ ||14|

पत्नी पूज्य वशिष्ठ की, सादर उन्हें प्रणाम |
 विकट समय में पालती, माता सम अविराम ||15||
 
 महामंत्री थे सुमंत, गुरू बुलावें पास |
लालन-पालन की करें, कुशल व्यवस्था ख़ास ||16||

महागुरू मरुधन्व के, आश्रम में तत्काल |
 गुरु-आज्ञा से ले गए, व्याकुल दशरथ बाल ||17||

जहाँ नंदिनी पालती, बाला-बाल तमाम |
दुग्ध पौष्टिक बाँटती, भ्रातृ-भाव पैगाम ||18||

 कामधेनु की कृपा से, होती इच्छा पूर |
देवलोक की नंदिनी, थी आश्रम की नूर ||19||
 
दक्षिण कोशल सरिस था, उत्तर कोशल राज |
सूर्यवंश के ही उधर, थे भूपति महराज ||20||

राजा अज की मित्रता, का उनको था गर्व |
 दुर्घटना से अति-दुखी, राजा-रानी सर्व ||21||

अवधपुरी आने लगे, प्राय: कोसलराज |
राज-काज बिधिवत चले, करती जनता नाज ||22||

राजकुमारी वर्षिणी, रानी भी हो संग ।
करते सब कोशिश सफल, भरे अवध नवरंग ।। 

धीरे-धीरे बीतता, दुःख से बोझिल काल |
राजकुंवर भूले व्यथा, बीत गया वह साल ||

दूध नंदिनी का पिया, अन्प्राशन की बेर |
आश्रम से वापस हुए, फैला महल उजेर ||

ठुमुक-ठुमुक कर भागते, छोड़-छाड़ पकवान |
दूध नंदिनी का पियें, आता रोज विहान ||

उत्तर कोशल झूमता, नव कन्या फिरपाय |
पिताश्री भूपति बने, फूले नहीं समाय ||

  बच्चों को लेकर करें, अवध पुरी की सैर |
राजा-रानी नियम से, लेने आते खैर ||
कन्या कौशल्या हुई,  दशरथ राजकुमार  |
नामकरण उत्सव हुवे,  धरते गुण अनुसार |।

विधिवत शिक्षा के लिए, फिर से राजकुमार |
कुछ वर्षों के बाद ही, गए गुरू-आगार ||

अच्छे योद्धा बन गए, महाकुशल बलवान|
दसो दिशा रथ हांकले, बने अवध की शान ||

शब्द-भेद संधान से, गुरु ने किया अजेय |
अवधपुरी उन्नत रहे, बना एक ही ध्येय || 
 
राजतिलक विधिवत हुआ, आये कोशल-राज |
राजकुमारी साथ मे, हर्षित सकल समाज || 

बचपन का वो खेलना,  छीना झपटी स्वांग  |
इक दूजे को स्वयं से , मन ही मन लें मांग  ||

भाग-4

रावण, कौशल्या और दशरथ  

दशरथ-युग में ही हुआ, दुर्धुश भट-बलवान |
पंडित ज्ञानी साहसी, रावण विकट महान ||1|

 शिव-चरणों में दे चढ़ा, दसों शीश को काट  |
फिर भी रावण ना सका, ध्यान कहीं से बाँट ।

युक्ति दूसरी कर रहा, चेहरे पर मुस्कान ।
छेड़ी  वीणा  से  मधुर, सामवेद  की  तान ||
 
भण्डारी ने भक्त पर, कर दी कृपा अपार |
मिली शक्तियों से हुवे,  पैदा किन्तु विकार ||

पाकर शिव-वरदान वो, पहुंचा ब्रह्मा पास |
श्रद्धा से की वन्दना, की पावन अरदास ||

ब्रह्मा ने परपौत्र को, दिए विकट वरदान |
ब्रह्मास्त्र भी सौंपते, अस्त्र-शस्त्र की शान ||

शस्त्र-शास्त्र का हो धनी, ताकत से भरपूर |
मांग अमरता का रहा, वर जब रावन क्रूर ||6||

ऐसा तो संभव नहीं, मन की गांठें खोल |
मृत्यु सभी की है अटल, परम-पिता के बोल ||7||

कौशल्या का शुभ लगन, हो दशरथ के साथ |
दिव्य-शक्तिशाली सुवन,  काटेगा दस-माथ ||8||

 क्रोधित रावण कांपता, थर-थर बदन अपार |
प्राप्त अमरता करूँ मैं, कौशल्या को मार ||9||

चेताती  मंदोदरी, नारी हत्या पाप |
झेलोगे कैसे भला,  भर जीवन संताप ||10||

रावण के  निश्चर विकट,  पहुँचे  सरयू तीर | 
कौशल्या का अपहरण, करके शिथिल शरीर ||11||

बंद पेटिका में किया, देते जल में डाल |
आखेटक दशरथ निकट, सुनते शब्द-बवाल  ||12||

राक्षस-गण से जा भिड़े, चले तीर-तलवार |
 हारे राक्षस भागते,  कूदे नृप जलधार ||13||

आगे बहती पेटिका, पीछे भूपति वीर |
शब्द भेद से था पता, अन्दर एक शरीर ||14||

बहते बहते पेटिका, गंगा जी में जाय |
जख्मी दशरथ को इधर, रहा दर्द अकुलाय ||15||

रक्तस्राव था हो रहा, भूपति थककर चूर |
पड़ी जटायू  की नजर,  करे मदद भरपूर  ||16||

 दशरथ मुर्छित हो गए, घायल फूट शरीर |
प्राकृतिक उपचार कर, हरे जटायू  पीर ||17||

भूपति आये होश में, असर किया संलेप |
गिद्धराज के सामने, कथा कही संक्षेप ||18||

कहा जटायू ने उठो, बैठो मुझपर आय |
पहुँचाउंगा शीघ्र ही, राजन उधर उड़ाय ||19||

बहुत दूर तक ढूँढ़ते, पहुँचे सागर पास |
पाय पेटिका खोलते, हुई बलवती आस ||20||

कौशल्या बेहोश थी, मद्धिम पड़ती साँस |
नारायण जपते दिखे, नारद जी आकाश ||21||

बड़े जतन करने पड़े, हुई तनिक चैतन्य |
सम्मुख प्रियजन पाय के, राजकुमारी धन्य ||22||

नारद जी भवितव्य का, रखते  पूरा ध्यान ।

 दोनों को उपदेश दे,  दूर करें अज्ञान ।

नारद विधिवत कर रहे, सब वैवाहिक रीत |
दशरथ को ऐसे मिली, कौशल्या मनमीत || 

नव-दम्पति को ले उड़े,  गिद्धराज खुश होंय |
नारद जी चलते बने, भावी  कड़ी पिरोय || 

अवधपुरी सुन्दर सजी, आये कोशलराज |
दोहराए फिर से गए, सब वैवाहिक काज ||



 भाग-5
 रावण के क्षत्रप 
सोरठा
रास रंग उत्साह,  अवधपुरी में खुब जमा |
उत्सुक देखे राह, कनक महल सजकर खड़ा ||


चौरासी विस्तार, अवध नगर का कोस में |
अक्षय धन-भण्डार,  हृदय कोष सन्तोष धन |

पाँच  कोस विस्तार, कनक भवन के अष्ट कुञ्ज |
इतने ही थे द्वार, वन-उपवन बारह सजे ||

शयन-केलि-श्रृंगार, भोजन-कुञ्ज-स्नान-कुञ्ज |
झूलन-कुञ्ज-बहार, अष्ट कुञ्ज में थे प्रमुख ||

 
चम्पक-विपिन-रसाल, पारिजात-चन्दन महक |
केसर-कदम-तमाल, नाग्केसरी-वन विचित्र ||

लवंगी-कुंद-गुलाब, कदली चम्पा सेवती |
  वृन्दावन नायाब, उपवन जूही माधवी || 

घूमें सुबहो-शाम, कौशल्या दशरथ मगन |
इन्द्रपुरी सा धाम, करें देवता ईर्ष्या ||

रावण के उत्पात, उधर झेलते साधुजन |
बैठ लगा के घात, कैसे रोके शत्रु-जन्म ||

मायावी इक दास, आया विचरे अवधपुर |
करने सत्यानाश, कौशल्या के हित सकल ||

चार दासियों संग, कौशल्या झूलें मगन |
उपवन मस्त अनंग, मायावी आया उधर ||

धरे सर्प का रूप, शाखा पर जाकर डटा |
पड़ी तनिक जो धूप, सूर्य-पूर्वज ताड़ते ||

महा पैतरेबाज, सिर पर वो फुफ्कारता |
दशरथ सुन आवाज, शब्द-भेद कर मारते ||  

रावण के षड्यंत्र, यदा-कदा होते रहे |
जीवन के सद-मंत्र, सूर्य-वंश आगे चला ||

गुरु-वशिष्ठ का ज्ञान, सूर्यदेव के तेज से | 
अवधपुरी की शान, सदा-सर्वदा बढ़ रही ||

रावण रहे उदास, लंका सोने की बनी  |
करके कठिन प्रयास, धरती पर कब्ज़ा करे ||

जीते जो भू-भाग, क्षत्रप अपने छोड़ता |
 निकट अवध संभाग, खर-दूषण को सौंप दे || 

खर-दूषण बलवान, रावण सम त्रिशिरा विकट |
डालें नित व्यवधान, गुप्त रूप से अवध में ||

त्रिजटा शठ मारीच, मठ आश्रम को दें जला |
भूमि रक्त से सींच, हत्या करते साधु की || 

कुत्सित नजर गढ़ाय, राज्य अवध को ताकते |
 खबर रहे पहुँचाय, आका लंका-धीश को ||

गए बरस दो बीत, कौशल्या थी मायके |
पड़ी गजब की शीत, 'रविकर' छुपते पाख भर ||

जलने लगे अलाव, जगह-जगह पर राज्य में |
दशरथ यह अलगाव, सहन नहीं कर पा रहे ||

भेजा चतुर सुमंत्र, विदा कराने के लिए |
रचता खर षड्यंत्र, कौशल्या की मृत्यु हित ||


 असली घोडा मार, लगा स्वयं रथ हाँकने ||
कौशल्या असवार, अश्व छली लेकर भगा ||

धुंध भयंकर छाय, हाथ न सूझे हाथ को |
रथ तो भागा जाय, मंत्री मलते हाथ निज ||

कौशल्या हलकान, रथ की गति अतिशय विकट |
रस्ते सब वीरान, कोचवान ना दीखता ||

समझ गई हालात, बंद पेटिका याद थी  |
ढीला करके गात, जगह देख कूदी तुरत ||

लुढ़क गई कुछ दूर, झाड़ी में जाकर छुपी ||
चोट लगी भरपूर, होश खोय बेसुध पड़ी ||

मंत्री चतुर सुजान, दौड़ाए सैनिक सकल |
देखा पंथ निशान, झाड़ी में सौभाग्य से ||

लाया वैद्य बुलाय, सेना भी आकर जमी |
नर-नारी सब धाय, हाय-हाय करने लगे ||

खर भागा उत जाय, मन ही मन हर्षित भया |
अपनी सीमा आय, रूप बदल करके रुका ||

रथ खाली अफ़सोस, गिरा भूमि पर तरबतर |
रही योजना ठोस, बही पसीने में मगर ||

रानी डोली सोय, अर्ध-मूर्छित लौटती |
वैद्य रहे संजोय, सेना मंत्री साथ में ||

दशरथ उधर उदास, देरी होती देखकर |
भेजे धावक ख़ास, समाचार लेने गए ||


भाग-6
रावण का गुप्तचर   
दोहे
असफल खर की चेष्टा, हो बेहद गमगीन |
लंका जाकर के खड़ा,  चेहरा लिए मलीन ||

रावण बरबस बोलता, क्योंकर होत उदास |
कौशल्या के गर्भ का, करके सत्यानाश  ||

खर बोला भ्राता ज़रा, खबर कहो समझाय |
यह घटना कैसे  हुई, जियरा तनिक जुड़ाय ||

रानी रथ से कूद के, खाय चोट भरपूर |
तीन माह का भ्रूण भी, हो जाता खुद चूर ||

 

सज्जन खुशियाँ  बांटते, दुर्जन  कष्ट बढ़ाय ।
दुर्जन मरके खुश करे, सज्जन जाय रूलाय ।

खर के सँग फिर गुप्तचर, भेजा सागर पार |
वह सुग्गासुर जा जमा, शुक थे जहाँ अपार ||

 
हरकारे वापस इधर, आये दशरथ पास |
घटना सुनकर हो गया, सारा अवध उदास ||

 
विकट मार्मिक कष्टकर, सुना सकल दृष्टांत । 
  असहनीय दुष्कर लगे, होता चित्त अशांत ।

गुरुकुल में शावक मरा, हिरनी आई याद |
अनजाने घायल हुई, चखा दर्द का स्वाद ||


आहों से कैसे भरे, मन के गहरे जख्म ।
मरहम-पट्टी समय के, जख्म करेंगे ख़त्म ।।

अनुमति पाय वशिष्ठ की, तुरत गए ससुरार |
कौशल्या को देखते, नैना छलके प्यार ||

सूरज ने संक्रान्ति से, दिए किरण उपहार |
 कटु-ठिठुरन थमने लगी, चमक उठा संसार ||

दवा-दुआ से हो गई, रानी जल्दी ठीक |
दशरथ के सत्संग से, घटना भूल अनीक ||

कुण्डली 
आपाधापी जिंदगी, फुर्सत भी बेचैन।
बेचैनी में ख़ास है, अपनेपन के सैन ।
अपनेपन के सैन, बैन प्रियतम के प्यारे ।
अपनों के उपहार, खोलकर अगर निहारे ।
पा खुशियों का कोष, ख़ुशी तन-मन में व्यापी ।
नई ऊर्जा पाय, करे फिर आपाधापी ।।


विदा मांग कर आ गए, राजा-रानी साथ |
चिंतित परजा झूमती, होकर पुन: सनाथ ||

धीरे धीरे सरकती, छोटी होती रात |
 हवा बसंती बह रही, जल्दी होय प्रभात |

 
दिग-दिगंत बौराया | मादक  बसंत आया ||
तोते सदा पुकारे |  मैना मन दुत्कारे ||
काली कोयल कूके | लोग होलिका फूंके || 
सरसों पीली फूली | शीत बची मामूली  || 
भौरां मद्धिम गाये  | तितली मन बहलाए ||
भाग्य हमारे जागे | गर्म वस्त्र सब त्यागे ||  

पीली सरसों फूलती, हरे खेत के बीच |
 कृषक निराई कर रहे, रहे खेत कुछ सींच ||
 
पौधे भी संवाद में, रत रहते दिन रात |
गेहूं जौ मिलते गले, खटखटात जड़ जात |।

तरह तरह की जिंदगी, पक्षी कीट पतंग |
जीव प्रफुल्लित विचरते, नए सीखते ढंग ||

 

 खुले विचारों वाला जीवन, चाहत उनकी थोड़ी ।
मुक्त गगन उन्मुक्त उड़ाने, गाये गीत निगोड़ी ।
चौबिस घंटे परबस रविकर, मुट्ठी भर ले दाने ।
चाहे जीवन सार सीखना, पर चिड़िया न माने ।।



कौशल्या रहती मगन, वन-उपवन में घूम ||
धीरे धीरे भूलती, गम पुष्पों को चूम ||

कुण्डली 
खिलें बगीचे में सदा, भान्ति भान्ति के रंग ।
पुष्प-पत्र-फल मंजरी, तितली भ्रमर पतंग । 
तितली भ्रमर पतंग, बागवाँ सारे न्यारे ।
दुनिया होती दंग,  आय के दशरथ द्वारे ।
नित्य पौध नव रोप,  हाथ से हरदिन सींचे ।
कठिन परिश्रम होय, तभी तो खिलें बगीचे ।।

कुण्डली 

  घोंघे करते मस्तियाँ, मीन चुकाती दाम ।
कमल-कुमुदनी से पटा, पानी पानी काम ।
पानी पानी काम, केलि कर काई कीचड़ ।
रहे नोचते *पाम, काइयाँ  पापी लीचड़ ।
भौरों की बारात, पतंगे जलते मोघे  ।। 
श्रेष्ठ विदेही पात, नहीं बन जाते घोंघे 
  (*किनारी की छोर पर लगी गोटी)

 
कौशल्या के गर्भ की, कैसे रक्षा होय |
दशरथ चिंता में पड़े, आँखे रहे भिगोय ||
 
रहे कुशल नारी सदा, छल ना पायें धूर्त ।
संरक्षित निर्भय रहे, संग पिता-पति पूत ।  
तोते कौवे की बढ़ी, महल पास तादाद |
गिद्धराज की तब उन्हें, आई बरबस याद ।।
 
कौशल्या जब देखती, गिद्धराज सा गिद्ध |
याद जटायू को करे, किया प्यार जो सिद्ध ||

यह मोटा भद्दा दिखे, आत्मीय वह रूप |
यह घृणित चौकस लगे, उसपर स्नेह अनूप ||

गिद्ध-दृष्टि रखने लगा, बदला-बदला रूप |
अलंकार त्यागा सभी, बनकर रहे  कुरूप ||

केवल दशरथ जानते, होकर रहें सचेत |
अहित-चेष्टा में लगे, खर-दूषण से प्रेत ||

सुग्गासुर अक्सर उड़े, कनक महल की ओर |
देख जटायू को हटे, हारे मन का चोर ||

एक दिवस रानी गई, वन-रसाल उल्लास |
सुग्गासुर आया निकट, बाणी मधुर-सुभाष ||

माथे टीका शोभता, लेता शुक मनमोह |
ऊपर से अतिशय भला, मन में रखता द्रोह ||


 मत्तगयन्द सवैया

बाहर की तनु सुन्दरता मनभावन रूप दिखे मतवाला ।
साज सिँगार करे सगरो छल रूप धरे उजला पट-काला ।
मीठ विनीत बनावट की पर दंभ भरी बतिया मन काला ।
दूध दिखे मुख रूप सजे पर घोर भरा घट अन्दर हाला ।।


 रानी वापस आ गई, आई फिर नवरात |
नव-दुर्गा को पूजती, एक समय फल खात ||

स्नानकुंज में रोज ही, प्रात: करे नहान |
भक्तिभाव से मांगती, माता सम सन्तान ||

सुग्गासुर की थी नजर, आ जाता था पास |
 स्वर्ण-हार लेकर उड़ा, इक दिन वह आकाश ||
 
सुनकर चीख-पुकार को, वो ही भद्दा गिद्ध ||
शुक के पीछे लग गया, होकर अतिशय क्रुद्ध ||

जान बचाकर शुक भगा, था पक्का अय्यार ||
आश्रय पाय सुबाहु गृह, छुपा छोड़ के हार ||

  रानी पाकर हार को, होती हर्षित खूब |
राजा का उपहार वो, गई प्यार में डूब ||
 
 नवमी को व्रत पूर्ण कर, कन्या रही खिलाय  |
 चरण धोय कर पूजती, पूरी-खीर जिमाय ||

'रविकर' दिन का ताप अब, दारुण होता जाय |
पाँव इधर भारी हुए, रानी मन सकुचाय ||



अम्बिया की चटनी बने, प्याज पुदीना डाल ।
चटकारे ले न सके,  चिंता से बेहाल  ।। 

अपने गम में लिप्त सब, न दूजे का ख्याल ।
पुतली से रखते सटा, अपने सब जंजाल ।।

हिम्मत से रहिये डटे, घटे नहीं उत्साह |
कोशिश चलने की करो, जीतो दुर्गम राह |

कुण्डली
मन की मनमानी खले,  रक्खो खीँच लगाम ।
हड़-बड़ में गड़बड़ करे, पड़ें चुकाने दाम ।
पड़ें चुकाने दाम, अर्थ हो जाय अनर्गल ।
ना जाने क्या कर्म, मर्म को लगे उछल-कर ।
सदा रखो यह ध्यान, शीर्ष का चुन लो प्राणी ।
अनुगामी बन स्वयं, रोक मन की मनमानी ।।
  सर्ग-1 : समाप्त  

  श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता

 सर्ग-२ 

भाग-1

जन्म-कथा 

 कौशल्या भयभीत हो, ताके सम्बल एक ।
पावे रक्षक भ्रूण का,  फैले शत्रु अनेक || 
 
चारों  दिशा  उदास  हैं,  फैला  है आतंक |
जिम्मेदारी कौन ले,  मारे  दुश्मन  डंक ||  

 
सारे देवी-देवता, चिंतित रही मनाय |
 अनमयस्क फिरती रहे, बैठे मन्दिर जाय  ||

जीवमातृका  वन्दना, माता  के  सम पाल |
जीवमंदिरों को सुगढ़, रखती रही संभाल ||

धनदा  नन्दा   मंगला,   मातु   कुमारी  रूप |
बिमला पद्मा वला सी, महिमा अमिट-अनूप ||

माता  करिए  तो  कृपा, करूँ तोर अभिषेक  |
 शत्रु दृष्टि से ले बचा, बच्चा पाऊं नेक ||

 संध्या को रनिवास में, रानी रह-रह रोय |
उच्छवासें भरती रही, अँसुवन धरती धोय ||

दशरथ को दरबार में, हुई घरी भर देर |
कौशल्या नहिं दीखती, अन्दर घुप्प-अंधेर ||

तभी सुबकने की पड़ी, कानों में आवाज |
दासी पर होकर कुपित, पूँछ रहे महराज  ||

हुआ उजाला कक्ष में, मुखड़ा लिए मलीन |
रानी लेटी भूमि पर, दिखती अति-गमगीन ||

राजा विह्वल हो गए, संग भूमि पर बैठ |
रानी को पुचकारते, सत्य प्रेम की पैठ ||

 बोलो रानी बेधड़क, खोलो मन के राज |
 कौन रुलाया है तुम्हें, करे कौन नाराज ??

निकले अगर भड़ास तो, बढती जीवन-साँस ।
आँसू बह जाएँ अगर, घटे  दर्द एहसास ।। 


मद्धिम स्वर फिर फूटता, हिचकी होती तेज |
अपने बच्चे को भला, कैसे रखूं सहेज ||

राजा सुनकर हर्ष से, रानी को लिपटाय |
कहते चिंता मत करो, करूं सटीक उपाय ||

अगली प्रात: वे गए, गुरु वशिष्ठ के पास |
थे सुमंत भी साथ में, जिन पर अति-विश्वास ||

ठोस योजना बन गई, दुश्मन धोखा खाय ||
रानी के इस गर्भ को, जग से रखें छुपाय  ||

अगले दिन दरबार में, आया इक सन्देश |
कौशल्या की मातु को, पीड़ा स्वास्थ-कलेस ||

डोली सजकर हो गई, कौला भी तैयार |
छद्म वेश में सेविका, बैठी अति-हुशियार ||


वक्षस्थल पर झूलता, वही पुराना हार |
जिसको लेकर था भगा, सुग्गासुर अय्यार ||

सेना के सँग हो विदा, डोली चलती जाय |
गिद्धराज ऊपर उड़े, पंखों को फैलाय ||


अभिमंत्रित कर महल को, कौशल्या के पास |
कड़ी सुरक्षा में रखा, दास-दासियाँ ख़ास ||

खर-दूषण के गुप्तचर, छोड़े अपनी खोह |
डोली के पीछे लगे, लेने को तब टोह ||

छद्म-वेश में माइके, धर कौशल्या रूप |
रानी हित दासी करे, अभिनय सहज अनूप ||

वर्षा-ऋतु फिर आ गई, सरयू बड़ी अथाह |
दासी उत्तर में रही, दक्षिण में उत्साह ||

देख सकें औलाद को, हुई बलवती चाह |
दशरथ  सबपर  रख  रहे, चौकस कड़ी निगाह ||

सात मास बीते मगर, गोद-भराई भूल |
कनक महल रक्षित रहा, रानी के अनुकूल ||

पड़ा पर्व नवरात्रि का, सकल नगर उल्लास |
कौशल्या नहिं कर सकी, पर अबकी उपवास ||

रानी आँगन में जमी, काया रही भिगोय |
शरद पूर्णिमा हो चुकी, अमाँ अँधेरी होय ।। 


हर्षित होता अत्यधिक,  कुटिया में जब दीप ।
विषम परिस्थिति में पढ़े, बच्चे बैठ समीप ।।

माटी की इस देह से, खाटी खुश्बू पाय ।
तन मन दिल चैतन्य हो, प्राकृत जग  हरषाय ।।

कुंडलियाँ  
देह देहरी देहरे,  दो, दो दिया जलाय ।
कर उजेर मन गर्भ-गृह, कुल अघ-तम दहकाय । 
कुल अघ तम दहकाय , दीप दस घूर नरदहा ।
गली द्वार पिछवाड़ , खेत खलिहान लहलहा ।
देवि लक्षि आगमन, विराजो सदा केहरी ।
सुख सामृद्ध सौहार्द, बसे कुल देह देहरी ।। 

किरीट  सवैया ( S I I  X  8 )

झल्कत झालर झंकृत झालर झांझ सुहावन रौ  घर-बाहर ।
  दीप बले बहु बल्ब जले तब आतिशबाजि चलाय भयंकर ।
 दाग रहे खलु भाग रहे विष-कीट पतंग जले घनचक्कर ।
नाच रहे खुश बाल धमाल करे मनु तांडव  हे शिव-शंकर ।।

धीरे धीरे सर्दियाँ , रही धरा को घेर |
शीत लहर चलने लगी, यादें रही उकेर ||

पीड़ा झूठे प्रसव की, होंठ रखे  वो भींच |
रानी सिसकारी भरे, जान सके नहिं नींच ||
 
रानी हर दिन टहलती, करती  नित व्यायाम |
पौष्टिक भोजन खाय के, करे तनिक आराम ||



कोसलपुर में उस तरफ, दासी का वह खेल |
खर-दूषण का गुप्तचर, रहा व्यर्थ ही झेल ||

शुक्ल फाल्गुन पंचमी, मद्धिम बहे बयार |
सूर्यदेव सिर पर जमे, ईश्वर का आभार ||

पुत्री आई महल में, कौशल्या की गोद |
राज्य ख़ुशी से झूमता, छाये मंगल-मोद ||

एक पाख के बाद में, खबर पाय दश-शीस |
खर दूषण को डांटता, सुग्गा सुर पर रीस ||

कन्या के इस जन्म से, रावण पाता चैन |
डपटा क्षत्रपगणों को, निकसे तीखे बैन || 

छठियारी में सब जमे, पावें सभी इनाम |
स्वर्ण हार पाए वहां, दासी का शुभ काम ||

गिद्धराज गिद्धौर को, कर दशरथ का काम |
सम्पाती से जा मिले, करते शोध तमाम ||

नई-नई दूरबीन से, देख सकें अति दूर |
प्रक्षेपित कर यान को, भेजें देश सुदूर ||

मालिश करने के लिए, पहुंची कौला धाय |
छूते ही इक पैर को, सुता रही अकुलाय ||

कौशल्या ने वैद्य को, झटपट लिया बुलाय |
जांच परख समुचित करे, रहा किन्तु सकुचाय ||

एक पैर में दोष है, कन्या होय अपंग |
सुनकर अप्रिय वचन यह,  हो कौशल्या दंग ||

भाग-2

सम गोत्रीय विवाह
फटा कलेजा भूप का, सुना शब्द विकलांग |
सुता हमारी स्वस्थ हो, जो चाहे सो मांग ||

भूपति की चिंता बढ़ी, छठी दिवस से बोझ |
तनया की विकृति भला, कैसे होगी सोझ ||

रात-रात भर देखते, उसकी दुखती टांग |
सपने में भी आ जमे, नटनी करती स्वांग ||

गुरु वशिष्ठ ने एक दिन, भेजा भूप बुलाय |
सह सुमंत आश्रम गए, बैठे शीश नवाय ||

सकल जगत के लो बुला, चर्चित वैद्य-हकीम |
सम्मलेन कर लो खुला, बंधन मुक्त असीम ||

कर के दोनों दंडवत, लौटे निज दरबार |
भेजे हरकारे सकल, समझाकर तिथि-वार ||


पीड़ा बेहद जाय बढ़, अंतर-मन अकुलाय ।
जख्मों की तब नीलिमा, कागद पर छा जाय ।।

 उद्यम करता आदमी, हरदम लागे नीक |
पूजा ही यह कर्म है, बाकी लगे अलीक ||
 
नीमसार की भूमि पर, मंडप बड़ा सजाय |
श्रावण की थी पूर्णिमा, रही चांदनी छाय ||

रक्षा बंधन पर्व कर, जमे चिकित्सक वीर |
जांच कुमारी की करें, होता विकल शरीर ||

विषय बहुत ही साफ़ था, वक्ता थे शालीन |
सबका क्रम निश्चित हुआ, हुए कर्म में लीन ||

उदघाटन करने चले, अंग-देश के भूप |
नन्हीं बाला का तभी, देखा सौम्य स्वरूप ||

लगी भली वह बालिका, मुख पर छाया तेज |
पैर धरा पर न पड़े, रखिये  हृदय सहेज ||

स्वागत भाषण पढ़ करें, राज वैद्य अफ़सोस |
जन्म कथा सारी कही, रहे स्वयं को कोस ||

वक्ताओं ने फिर रखी, वर्षों की निज खोज |
सुबह-सुबह चलती रही, परिचर्चा कुछ रोज ||

दूर दूर से आ रहे, प्रतिदिन विषम मरीज |
शिविरों में नित शाम को, करें बैद्य तजबीज ||


 भर जीवन सुनता रहे, देखें दर्द अथाह | 
एक वैद्य की सदा ही, बड़ी कठिन है राह ।।
 
चौथे दिन के सत्र में, बोले वैद्य सुषेन |
गोत्रज व्याहों की विकट, महा विकलता देन ||

राजा रानी अवध के, हैं दोनों गोतीय |
अल्पबुद्धि-विकलांगता, सम दुष्फल नरकीय ||

गुण-सूत्रों की विविधता, बहुत जरूरी चीज |
गोत्रज में कैसे मिलें, रहे व्यर्थ क्यूँ खीज ||

 गोत्रज दुल्हन जनमती, एकल-सूत्री रोग |
 दैहिक सुख की लालसा, बेबस संतति भोग ||

साधु साधु कहने लगे, सब श्रोता विद्वान |
सत्य वचन हैं आपके, बोले वैद्य महान ||

अब तक के वक्ता सकल, करके अति संकोच |
मूल विषय को टाल के, रखें अन्य पर सोच ||

सारे तर्क अकाट्य थे, छाये वहां सुषेन |
भारी वर्षा थम गई, नीचे बैठी फेन ||

आदर से दशरथ कहें, वैद्य दिखाओ राह |
विषम परिस्थिति में हुआ, कौशल्या से ब्याह ||

नहीं चिकित्सा शास्त्र  में, इसका दिखे उपाय |
गोत्रज जोड़ी अनवरत, संतति का सुख खाय ||

व्याख्यान अपना ख़तम, करते वैद्य सुषेन |
 रिस्य विविन्डक खड़े हो, बोले ऐसे बैन ||

संतति हो ऐसी अगर, झेले अंग-विकार |
गोद किसी की दीजिये, सुधरे शुभ आसार ||

प्रभु की इच्छा से मिटें, कुल शारीरिक दोष |
धन्यवाद ज्ञापन हुआ, होती जय जय घोष ||
सवैया  
गोतज दोष नरेश लगे, तनया विकलांग बनावत है ।
माँ विलखे चितकार करे, कुल धीरज शान्ति गंवावत है ।
वैद गुनी हलकान दिखे, निकसे नहिं युक्ति, बकावत है ।
औध-दशा बदहाल हुई, अघ रावण हर्ष मनावत है ।। 

अंगराज श्री  रोमपद , आये दशरथ पास |
अभिवादन करके कहें, करिए नहीं निराश ||

रानी इनकी वर्षिणी, कौशल्या की ज्येष्ठ |
चम्पारानी बोलते, परजा मंत्री श्रेष्ठ ||

  ब्याह हुए बारह बरस, सूनी अब भी गोद |
बेटी प्यारी सौंपिए, मंगल मंगल-मोद ||

दशरथ अब भी सोच में,  कैसे दे दें गोद |
  दिल को गहरे गोद के, करें कसक अनुमोद ??

कुंडलियां 




शान्त *चित्ति के फैसले, करें लोक कल्यान |
चिदानन्द संदोह से, होय आत्म-उत्थान |

होय आत्म-उत्थान, स्वर्ग धरती पर उतरे |
लेकिन चित्त अशान्त, सदा ही काया कुतरे |

चित्ति करे जो शांत, फैसले नहीं *कित्ति के |
करते नहीं अनर्थ, फैसले शान्त चित्ति के ||

चित्ति = बुद्धि 
कित्ति = कीर्ति / यश


कौशल्या हामी भरी, करती दिल मजबूत|
 अपनी बहना के लिए, अंग भेजती दूत ||

अंगराज भी खुश हुए, रानी को बुलवाय |
रस्म गोद करके सफल, उनकी गोद भराय ||

अंग-विकृत वो अंगजा, कर ली अंगीकार |
अंगराज दशरथ चले, फिर सुषेन के द्वार ||  

 तब सुषेन के शिविर में, पहुंचे अवध नरेश |
चेहरे पर चिंता बड़ी, चर्चा चली विशेष ||

बोले वैद्य सुषेन जी, सुनिए हे महिपाल |
ऐसी संताने सहें,  बीमारी विकराल ||

 गोत्रज शादी को भले, भरसक दीजे टाल | 
मंजूरी करती खड़े, टेढ़े बड़े सवाल ||

परिजन लेवे गोद जो, कर दे कन्या-दान |
उल्टा हाथ घुमाय के, खींचें सीधे कान ||

मिटते दारुण दोष पर, ईश्वर अगर सहाय  |
सबसे उत्तम ब्याह हित, दूरी रखो बनाय ||

 गोत्र-प्रांत की भिन्नता, नए नए गुण देत |
संयम विद्या बुद्धि बल, साहस रूप समेत ||

सहज रूप से सफल हो, रावण का अभियान |
किया दूर रनिवास से, राजा को यह ज्ञान  ||

आई रानी अंग से,  लाया दूत बुलाय | 
कौशल्या के अंग से, अमृत बहता जाय ||

लगे तीन दिन गोद में, साइत शुभ आसन्न |
नया देश माता नई, हुई रीति संपन्न ||

जन्म-दायिनी छूटती, रोवे बुक्का-फार |
दिल का टुकड़ा सौंप दी, महिमा अपरम्पार ||

आठ माह की उम्र में, बदला घर परिवार |
 अंग देश को चल पड़ी, सरयू अवध विसार ||

कौला कौला सी चली, नव-कन्या के संग |
 जननी आती याद तो, करती कन्या तंग || 
 
 करे प्रगट कृतज्ञता, कौशल्या के भाव ।
      हृदय-पटल पर दिख रहे, अंकित अमित प्रभाव ।।
कुण्डली  
नेह हमारा साथ है, ईश्वर पर विश्वास |
अन्धकार को चीर के, फैले धवल उजास |
फैले धवल उजास, मिला ममतामय साया |
कुशल वैद्य  जन साथ, हितैषी कौला आया |
शुभकामना असीम, दौड़ ले बिना सहारा   |
 करे अनोखे काम, भूल नहिं नेह हमारा ||
भाग-3

कन्या का नामकरण 

कौशल्या दशरथ कहें, रुको और महराज |
अंगराज रानी सहित, ज्यों चलते रथ साज ||

राज काज का हो रहा, मित्र बड़ा नुक्सान |
चलने की आज्ञा मिले,  राजन  हमें  विहान ||

सुबह सुबह दो पालकी, दशरथ की तैयार |
अंगराज रथ पर हुए, मय परिवार सवार ||

दशरथ विनती कर कहें, देते एक सुझाव |
सरयू में तैयार है,  बड़ी राजसी नाव ||

धारा के संग जाइए, चंगा रहे शरीर |
चार दिनों का सफ़र कुल, काहे होत अधीर ||

चंपानगरी दूर  है, पूरे दो सौ कोस |
उत्तम यह प्रस्ताव है, दिखे नहीं कुछ दोष ||

पहुंचे उत्तम घाट पर, थी विशाल इक नाव |
नाविक-गण सब विधि कुशल, परिचित  नदी बहाव ||

बैठे सब जन चैन से, नाव बढ़ी अति मंद |
घोड़े-रथ तट पर चले, लेकर सैनिक चंद ||

धीरे धीरे गति बढ़ी, सीमा होती पार |
गंगा में सरयू मिली, संगम का आभार ||
 
चार घरी रूककर वहां, पूजें गंगा माय  |
 कर सरयू की वंदना, देते नाव बढ़ाय ||

परम हर्ष उल्लास का, देखा फिर अतिरेक |
ग्राम रास्ते में मिला, अंगदेश का एक || 

धरती पर उतरे सभी, आसन लिया जमाय |
नई कुमारी का करें, स्वागत जनगण आय |

किलकारे कन्या हँसे, कौला रखती ख्याल |
धरती पर धरती कदम, रानी रही संभाल ||

उत्तम औषधि वैद्य की, शुभ गुणकारी लेप |
रस्ते भर मलती चली, तीन बार अति घेप ||

नई वनस्पति फल नए, शीतल नई समीर |
खान-पान था कुल नया, नई नई तासीर || 

अंग देश की बालिका, मंद-मंद मुसकाय |
कंद-मूल फल प्रेम से, अंगदेश के खाय ||

रानी के संग खेलती, बाला भूल कलेश |
राज काज के काम कुछ, निबटा रहे नरेश ||
  
एक अनोखा वाद था,  ग्राम प्रमुख के पास |
बात सौतिया डाह की, विधवा करती नाश ||

सौतेला  इक  पुत्र  है, सौजा  के  दो  आप |
इक खाया कल बाघ ने, करती घोर विलाप  ||

 कुण्डली
फांके हफ़्तों से करे, अपनों से खा मात ।  
जिन्दा रहने के लिए, करता वो आघात ।
करता वो आघात, क्षमा रविकर कर देते ।
पर उनका कस शौक, प्राण जो यूँ ही लेते ।
भरे पेट का मौज, तड़पती लाशें ताके ।
दुष्कर्मी बेखौफ, मौज से पाचक फांके ।।

रो रो कर वह बक रही, सौतेले का दोष |
यद्दपि वह घायल पड़ा, करे गाँव अफ़सोस ||
 कुण्डली
ढर्रा बदलेगी नहीं,  रोज अड़ाये टांग ।
खांई में बच्चे सहित, सकती मार छलांग । 
सकती मार छलांग, भूलती मानुष माटी ।
मात्र सौतिया डाह, चलाये वो परिपाटी  ।
रविकर का अंदाज, लगेगा झटका कर्रा ।
बर्रा प्राकृत दर्प, बदल नहिं पाए ढर्रा ।।

जान लड़ा कर खुब लड़ा, हुआ किन्तु बेहोश |
बचा लिया इक पुत्र को, फिर भी न संतोष ||

बड़ी दिलेरी से लड़ा, चौकीदार गवाह |
बाघ पुत्र को ले भगा, जंगल दुर्गम राह ||

सौजा को विश्वास है, देने को संताप |
सौतेले ने है किया, घृणित दुर्धुश पाप ||

घर न रखना चाहती, वह अब अपने साथ |
ईश्वर की  खातिर अभी, न्याय कीजिए नाथ ||


दालिम को लाया गया, हट्टा-कट्टा वीर |
चेहरे पर थी पीलिमा, घायल बहुत शरीर ||

सौजा से भूपति कहें, दालिम का अपराध |
ग्राम निकाला दे दिया, रहे किन्तु हितसाध ||

दालिम से मुड़कर कहें, बैठो जाय जहाज  |
छू ले माता के चरण, मत होना नाराज  ||

कुण्डली 

यूँ ही जाते लड़खड़ा, कदम चले जो दूर ।
कहते क्यूँ यह हड़बड़ा, आखिर क्यूँ मजबूर ।
आखिर क्यूँ मजबूर, हकीकत तुम भी जानो ।
गम उसको भरपूर, बात मानो ना मानो ।
कैसे सहे विछोह, आत्मा यह निर्मोही ।
समझ हृदय की पीर, करो ना बातें यूँ  ही ।।
 
राजा पक्के पारखी,  है हीरा यह वीर |
पुत्री का रक्षक लगे, कौला की तकदीर ||


 कुण्डली
ममता में अंधी हुई, अपना पूत दिखाय |
स्वार्थ सिद्ध में लग गई,  गाँव  भाड़ में जाय |
गाँव  भाड़ में जाय, खाय ले सौतन बच्चा |
एक सूत्र पा जाय , चबाती बच्चा कच्चा |
देती हृदय हिलाय, कोप तिल भर नहिं  कमता |
मंद मंद मुसकाय, ठगिन माया से ममता ।।


सेनापति से यूँ कहें, रुको यहाँ कुछ रोज |
नरभक्षी से त्रस्त जन, करिए उसकी खोज ||

जीव-जंतु जंगल नदी, सागर खेत पहाड़ |
बंदनीय हैं ये सकल, इनको नहीं उजाड़ ||

रक्षा इनकी जो करे, उसकी रक्षा होय |
शोषण गर मानव करे, जाए जल्द बिलोय ||

केवल क्रीडा के लिए, मत करिए आखेट |
भरता शाकाहार भी, मांसाहारी पेट ||

जीव जंतु वे धन्य जो, परहित धरे शरीर |
हैं निकृष्ट वे जानवर, खाएं उनको चीर ||

नरभक्षी के लग चुका, मुँह में मानव खून |
जल्दी उसको मारिये, जनगण पाय सुकून ||

अगली संध्या में करें, चंपा नगर प्रवेश  |
अंग-अंग प्रमुदित हुआ, झूमा अंग प्रदेश ||

गुरुजन का आशीष ले, मंत्री संग विचार |
नामकरण का शुभ दिवस, तय अगला बुधवार || 

नामकरण के दिन सजा, पूरा नगर विशेष |
देवलोक अवलोकता, ब्रह्मा विष्णु महेश ||

महा-पुरोहित कर रहे, थापित महा-गणेश |
राजकुमारी आ गई, आये अतिथि विशेष ||

रानी माँ की गोद में, चंचल रही विराज |
टुकुर टुकुर देखे सकल, होते मंगल काज ||

कौला दालिम साथ में, राजकुमारी पास |
हम दोनों कुछ ख़ास हैं, करते वे एहसास ||

महापुरोहित बोलते, हो जाओ सब शांत |
शान्ता सुन्दर नाम है, फैले सारे प्रांत ||

शान्ता -शान्ता कह उठा, वहाँ जमा समुदाय |
मात-पिता प्रमुदित हुए, कन्या खूब सुहाय ||

कार्यक्रम सम्पन्न हो, विदा हुए सब लोग |
पूँछे कौला को बुला, राजा पाय सुयोग ||

शान्ता की तुम धाय हो, हमें तुम्हारा ख्याल |
दालिम लगता है भला, रखे तुम्हे खुशहाल ||

तुमको गर अच्छा लगे, दिल में तेरे चाह |
सात दिनों में ही करूँ, तेरा उससे व्याह ||

कौला शरमाई तनिक, गई वहाँ से भाग |
दालिम की किस्मत जगी, बढ़ा राग-अनुराग ||

दोनों की शादी हुई, चले एक ही राह |
शान्ता के प्रिय बन रहे, राजा केर पनाह ||

 कुण्डली
सौम्या सृष्टी सोहिनी, माँ की मंजिल राह ।
सचुतुर, सुखदा, सुघड़ई, दुर्गे मिली अथाह । 
 दुर्गे मिली अथाह, बड़ी आभारी माता ।
ताकूँ अपना अक्श, कृपा कर सदा विधाता ।
हसरत हर अरमान, सफल देखूं इस दृष्टी ।
मंगल-मंगल प्यार, लुटाती सौम्या सृष्टी ।।

पोर-पोर में प्यार है, ममतामयी महान ।
कन्या में नित देखती, देवी का वरदान ।। 

भाग-4
सृंगी जन्मकथा

 रिस्य विविन्डक कर रहे, शोध कार्य संपन्न ।
विषय परा-विज्ञान मन, औषधि प्रजनन अन्न ।

विकट तपस्या त्याग तप, इन्द्रासन हिल जाय ।
तभी उर्वशी अप्सरा, ऋषि सम्मुख मुस्काय ।

शोध कार्य के वास्ते, करे स्वयं को पेश ।
ऋषि-पत्नी रखने लगी, उसका ध्यान विशेष ।

इस अतीव सौन्दर्य पर, होते ऋषि आसक्त ।
औषधि प्रजनन शोध पर, अधिक ध्यान अनुरक्त ।

इधर उर्वशी कर रही, कार्य इंद्र का सिद्ध ।
धीरे धीरे ही सही, प्रेम हुआ समृद्ध ।

ऋषि-पत्नी फिर एक दिन, करवा देती व्याह ।
प्रेम-पल्लवन के लिए, खुली चतुर्दिक राह ।

एक वर्ष पश्चात ही,  पुत्र -जन्म हो जाय ।
गई उर्वशी स्वर्ग को, देती उन्हें थमाय ।।

हुवे विविन्डक जी दुखी, पुत्र जन्म के बाद ।
मस्तक पर दो सृंग हैं , सुन विचित्र अनुनाद ।

फिर भी प्यारा पुत्र यह, माता करे दुलार ।
ऋषिवर को पकड़ा रही, खोटी-खरी हजार ।

अपनी खोजों से किया, गर्भ गलत उपचार ।
इसीलिए तो शीश का, है  विचित्र आकार ।।

कोसी तट पर पल रहा, आश्रम का यह नूर ।
 गुप्त रूप से पालते, श्रृंग करें मजबूर ।

सृंगी तेरह बरस के, वह सुरम्य वनभाग ।
उच्च हिमालय तलहटी, सरिता झील तड़ाग ।

शिक्षा दीक्षा नियम से, ज्ञान उपासक श्रेष्ठ ।
नारी से अनजान हैं, चिंतित होते ज्येष्ठ ।

सत्पोखर में फिर बसे, रिस्य विविन्डक आय ।
संगम कोसी-गंग का, दृश्य रहा मनभाय ।

सृंगेश्वर की थापना, सृंगी से करवाय ।
देश भ्रमण के लिए रिस्य, पत्नी लेकर जाय ।

जोर शोर से फैलता, सृंगेश्वर का नाम ।
राजा रानी शान्ता, आ पहुंचे इक शाम ।।   

मंदिर में तम्बू लगा, करते सब विश्राम ।
शांता रूपा चंचला, घूम रही निष्काम ।

छोटी छोटी बालिका, जाती आश्रम बीच ।
सृंगी अपने कक्ष में, ध्यावें आँखे मीच ।

रूपा की शैतानियाँ, ध्यान हो गया भंग ।
इक दूजे को देख के, सृंगी-शांता  दंग ।।

सृंगी पहली मर्तवा, देखें बाला रूप ।
कन्याओं का वेश भी, उनको लगा अनूप ।। 


सोहे सृंगी सृंग से, शांता के मन भाय।
परिचय देती शान्ता, उनका परिचय पाय ।

बाल सुलभ मुस्कान से, तृप्त हृदय हो जाय ।।
 मातु-पिता के पास फिर, वह उनको ले जाय ।

इन बच्चों को देखकर, होते सभी प्रसन्न ।
सृंगी जी संकोच में,  ग्रहण करें नहिं अन्न ।

तीन दिनों का यह समय, सृंगी के अनमोल ।
सार्वजनिक जीवन हुआ, भाये शांता बोल ।। 

सर्ग-2 समाप्त  

श्री राम की सहोदरी : भगवती शांता

सर्ग-३ 

  भाग-1 

शान्ता के चरण
चले घुटुरवन शान्ता, सारा महल उजेर |
राज कुमारी को रहे, दास दासियाँ घेर ||

सबसे प्रिय लगती उसे, अपनी माँ की गोद |
माँ बोले जब तोतली, होवे परम-विनोद ||

कौला दालिम जोहते, बैठे अपनी बाट |
कौला पैरों को मले, हलके-फुल्के डांट ||

दालिम टहलाता रहे, करवाए अभ्यास |
बारह महिने में चली, करके सतत  प्रयास ||

हर्षित सारा महल था, भेज अवध सन्देश |
शान्ता के पहले कदम, सबको लगे विशेष ||

दशरथ कौशल्या सहित, लाये रथ को तेज |
पग धरते देखी सुता, पहुँची ठण्ड करेज || 

कौशल्या मौसी हुई, मौसा भूप कहाय |
सरयू-दर्शन का वहाँ, न्यौता देते जाय ||

एक  मास के बाद में, शान्ता रानी संग |
गए अवधपुर घूमने, देख प्रजा थी दंग || 

कौला को दालिम मिला, होनहार बलवान |
दासी सब ईर्ष्या करें, तनिकौ नहीं सुहान ||
 
प्रेम और विश्वास का, होय नहीं व्यापार ।
दंड-भेद से ना मिले, साम दाम वेकार ।।

स्नेह-समर्पण कर दिया, क्यों कुछ मांगे दास ?
 इच्छाएं कर दे दफ़न, मत करवा परिहास ।।


मौसा-मौसी  के यहाँ, रही शान्ता मस्त |
दौड़ा-दौड़ा के करे, कौला को वह पस्त ||

अपने घर फिर आ गई, एक पाख के बाद |
राजा ने पाया तभी, महा-मस्त संवाद ||


प्रथम चरण की धमक के, लक्षण बड़े महान |
हैं रानी चम्पावती,  इक शरीर दो जान ||

हर्षित भूपति नाचते, बढ़ा और भी प्यार |
ठुमक-ठुमक कर शान्ता, होती पीठ सवार ||

पैरों में पायल पड़े, झुन झुन बाजे खूब |
आनंदित माता पिता, गये प्यार में डूब ||

शान्ता माता से हुई, किन्तु तनिक अब दूर |
पर कौला देती उसे, प्यार सदा भरपूर ||

राजा भी रखते रहे, बेटी का खुब ध्यान |
 अंगराज को मिल गई, एक और संतान ||

रानी पाई पुत्र को, शान्ता पाई भाय |
देख देख के भ्रात को, मन उसका हरसाय ||


नारी का पुत्री जनम, सहज सरलतम सोझ |
सज्जन रक्षे भ्रूण को, दुर्जन मारे खोज ||

नारी  बहना  बने जो, हो दूजी संतान
होवे दुल्हन जब मिटे, दाहिज का व्यवधान ||

नारी का है श्रेष्ठतम, ममतामय  अहसास |
बच्चा पोसे गर्भ में,  काया महक सुबास ||

 कौला भी माता बनी , दालिम बनता बाप |
पुत्री संग रहने लगे, मिटे सकल संताप ||

फिर से कौला माँ बनी, पाई सुन्दर पूत |
भाई बहना की बनी, पावन जोड़ी नूत ||

शान्ता होती सात की, पांच बरस का सोम |
परम बटुक छोटा जपे, संग में सबके ॐ ||

कौला नियमित लेपती, औषधि वाला तेल |
दालिम रक्षक बन रहे, रोज कराये खेल ||

जबसे शान्ता है सुनी, गुरुकुल जाए सोम |
गुमसुम सी रहने जगी, प्राकृत हुई विलोम || 

माता से वह जिद करे, जाऊँगी उस ठौर |
भाई के संग ही रहूँ, यहाँ रहूँ ना और ||

माता समझाने लगी, कौला रही बताय |
यहीं महल में पाठ का, करती आज उपाय ||

गुरुकुल से आये वहाँ, तेजस्वी इक शिष्य |
सुधरे शांता संग ही, रूपा-बटुक भविष्य ||

दीदी का होकर रहे, कौला दालिम पूत |
 रक्षाबंधन में बंधे, उसको पहला सूत ||

बाँधे भैया सोम के, गुरुकुल में फिर जाय |
प्रभु से विनती कर कहे, हरिये सकल बलाय ||

दालिम को मिलती नई, जिम्मेदारी गूढ़ |
राजमहल का प्रमुख बन, हँसता जाए मूढ़ ||
 
दालिम से कौला कही, सुनो बात चितलाय |
भाई को ले आइये, माँ को लो बुलवाय ||

सुख में अपने साथ हों, संग रहे परिवार |
माता का आभार कर, यही परम सुविचार ||

संदेसा भेजा तुरत, आई सौजा पास |
बीती बातें भूलती, नए नए एहसास ||

छोटा भाई भी हुआ, तगड़ा और बलिष्ठ |
दालिम सा दिखता रमण, विनयशील अति-शिष्ट ||

रमण सुरक्षा हित चला, शान्ता पास तुरन्त |
 रानी माँ भी खुश हुई, देख शिष्ट बलवंत ||

सौजा रूपा बटुक का, हर पल रखती ध्यान |
रानी की सेवा करे, कौला इस दरम्यान ||

राज वैद्य आते रहे, करने को उपचार |
चार बरस में मिट गए, सारे अंग विकार ||


एक दिवस की बात है, बैठ धूप सब खाँय |
घटना बारह बरस की, सौजा रही सुनाय ||


 सौजा दालिम से कहे, वह आतंकी बाघ |
बारह मारे पूस में, पांच मनुज को माघ ||

सेनापति ने रात में, चारा रखा लगाय |
पास ग्राम से किन्तु वह, गया वृद्ध को खाय ||

नरभक्षी पागल हुआ, साक्षात् बन काल |
पशुओं को छूता नहीं, फाड़े मानव खाल ||

चारा बनने के लिए, कोई न तैयार |
कब से इक बकरा बंधा, महिना होवे पार ||

एक रात में जब सभी, बैठे घात लगाय |
स्त्री छाया इक दिखी, अंधियारे में जाय ||

एक शिला पर जम गई, उस फागुन की रात |
आखेटक दल के सहित, सेनापति घबरात ||

बिना योजना के जमी,  उत अबला बलवीर |
हाथों में भाला इधर, सजा धनुष पर तीर ||

तीन घरी बीती मगर,  लगा टकटकी दूर |
राह शिकारी देखते, आये बाघ जरूर ||

फगुआ गाने में मगन, गाये मादक गीत |
साया इक आते दिखी, बोली कोयल मीत ||

होते ही संकेत के,  देते धावा मार |
घोर विषैले तीर से,  होता बाघ शिकार  ||

भालों के वे वार भी, बेहद थे गंभीर ||
छाती फाड़ा बाघ की, माथा देता चीर ||

शान्ता चिंतित दिख रही, बोली दादी बोल |
उस नारी का क्या हुआ, जिसका कर्म अमोल ||

सौजा बोली कुछ नहीं, मंद मंद मुसकाय |
माँ के चरणों को छुवे, दालिम बाहर जाय ||

सौजा ने ऐसे किया, पूरा पश्चाताप |
निश्छल दालिम के लिए,  वर है माँ का शाप ||


शान्ता की शिक्षा हुई, आठ बरस में पूर |
वेद कला संगीत के, सीखे सकल सऊर || 

शांता विदुषी बन गई, धर्म-कर्म में ध्यान |
 भागों वाली बन करे, सकल जगत कल्याण ||

गुणवंती बाला बनी, सुन्दर पायी रूप |
नई सहेली पा गई, रूपा दिखे अनूप ||

अवध पुरी में दुःख पले, खुशियाँ रहती रूठ |
राजमहल में आ रहे, समाचार सब झूठ ||

कई बार आये यहाँ, श्री दशरथ महराज |
बेटी को देकर गए, इक रथ सुन्दर साज ||

रथ पर अपने बैठ कर, वन विहार को जाय |
रूपा उसके साथ में, हर आनंद उठाय ||

रमण हमेशा ध्यान से, पूर्ण करे कर्तव्य |
रक्षक बन संग में रहे, जैसे रथ का नभ्य ||

बटुक परम नटखट बड़ा, करे सदा खिलवाड़ |
शान्ता रूपा खेलती, देता परम बिगाड़ ||

फिर भी वह अति प्रिय लगे, आज्ञाकारी भाय |
शांता के संकेत पर, हाँ दीदी कर धाय ||
  भाग-2
भगिनी शांता
चिन्तित अवध
शान्ता तो खुशहाल है, दशरथ चिन्तित खूब |
कौशल्या परजा सकल, गम-सागर में डूब ||

हद  से  होता  पार  जब, दोनों  का  अवसाद |
अंगदेश को चल पड़ें,  कभी कहीं अपवाद ||

चार वर्ष तक ना हुई, जब कोई संतान |
दशरथ तो चिंतित रहें, कौशल्या उकतान ||

हो रानी की आत्मा, इकदम से बेचैन |
ढूंढ़ दूसरी लाइए, निकसे अटपट बैन |

हक्का-बक्का रह गए, सुनकर के महिपाल |
कौशल्या अनुनय करे, उसका हृदय विशाल ||

संग में मैं उसके रहूँ, अपनी बहना मान |
कभी शिकायत ना करूँ, रक्खू हरदम ध्यान ||

बड़े-बुजुर्गों से मिले, व्यवहारिक सन्देश |
पालन मन से जो करे, पावे मान विशेष ||

यही सोचकर चुप रहे, दोनों रखते धीर |
हो कैसे युवराज पर, विषय बड़ा गंभीर ||

अरुंधती आई महल, बसता जहाँ तनाव |
कौशल्या के तर्क से, उन पर बढ़ा दबाव ||

अगले दिन गुरु ने किया, दशरथ का आह्वान |
अवधराज राजी हुए, छिड़ा नया अभियान ||

संदेशे भेजे गए, करना दूजा व्याह |
प्रत्त्युत्तर की देखती, उत्सुक परजा राह ||

पञ्च-नदी बहती जहाँ, प्यारा कैकय देश |
अपनी रूचि से भेजते, दशरथ खुद सन्देश ||

कैकय के महराज को, मिला एक वरदान |
खग की भाषा जानते, अश्वपती विद्वान ||

उनकी कन्या रूपसी, सुघढ़ सयानी तेज |
सात भाइयों में पली, पलकों रखी सहेज ||

माता का सुख ना मिला, माता थी वाचाल |
 कैकय से बाहर गई, बीते बाइस साल || 

घटना है इक रोज की, उपवन में महराज |
 चीं-चीं सुनके खुब हँसे, महरानी नाराज ||

भेद खोलने की सजा, राजा के थे प्राण |
इसीलिए रानी करे, कैकय से प्रयाण ||

 भूपति खोलें भेद गर, प्राण जाएँ तत्काल |
रानी जिद छोड़ी नहीं, की थी बहुत बवाल ||

संबंधों की श्रृंखला, दशरथ से मजबूत |
शर्त सहित सन्देश पर, ले जाता यह दूत ||

मेरी पुत्री का बने, बेटा यदि युवराज |
स्वागत है बारात का, सिद्ध जानिये काज ||

कौशल्या कहने लगी, कोई न अवरोध  |
कैकेयी रानी बने, मेरा नहीं विरोध ||

रानी बनकर आ गई, साथ मंथरा धाय |
जिसके कटु व्यवहार से, महल रहा उकताय ||

चार साल बीते मगर, हुई न मनसा पूर |
सुमति सुमित्रा आ गई, हुए भूप मजबूर ||

कौशल्या की गोद के, सूख गए जो  फूल |
लंकापति रहता उधर, मस्त ख़ुशी में झूल ||


सम्भासुर करता उधर, इन्द्रलोक को तंग |
करे दुश्मनी दुष्टता, दशरथ के भी संग ||

युद्धक्षेत्र में थे डटे, एक बार भूपाल |
सम्भासुर के शस्त्र से, बिगड़ी रथ की चाल ||

कैकेयी थी सारथी, टूटा पहिया देख |
करे मरम्मत स्वयं से, ठोके खुद से मेख ||

घायल दशरथ को बचा, पहुंची अवध प्रदेश |
दो वर पाई गाँठ में, बाढ़ा मान विशेष ||

शांता बिन ये शादियाँ,  हो जाती नाकाम |
चौथेपन में अवधपति, केश सफ़ेद तमाम ||

चिंता की अब झुर्रियां, बाढ़ी मुखड़े बीच |
पूर्वकाल के पुण्य-तप,  राखें आँखें मीच ||

सर्ग-3

  भाग-3
वन-विहार
माता संग गुरुकुल गई, बाढ़े भ्रात विछोह |
दक्षिण की सुन्दर छटा, लेती थी मन मोह ||

गंगा के दक्षिण घने, सौ योजन तक झाड़ |
श्वेत बाघ मिलते उधर, झरने और पहाड़ ||

मन की चंचलता विकट,  इच्छा  मारे जोर |
रूपा के संग चल पड़ी, रथ लेकर अति भोर ||

पंखो  को  फैला उडी, मिला   खुला  आकाश  |
खुद से करने चल पड़ी, खुद की खुदी तलाश ||

वटुक-परम पीछे  लगा,  सबकी नजर बचाय |
तीर धनुष अपना लिए, छुपकर साथे जाय ||
   
औषधि ले कौला सजग,  रही भोर से खोज|
जल्दी ही हल्ला हुआ, लगी खोजने फौज ||

राजा-रानी ढूंढते, रमण होय हलकान |
बुद्धिहीन सा बदलता, अपने दिए बयान  |

अपने-अपने अश्व ले, चारो दिश सब जाय |
दौड़ा दक्षिण को रमण, घोडा जोर भगाय ||

काका झटपट भागता, बड़े लक्ष्य की ओर |
घोडा चाबुक खाय के, लखे विचरते ढोर ||

गुरुकुल पीछे छूटता, आई घटना याद |
बाघ देखने की कही, शांता जब बकवाद ||

पहियों के ताजे निशाँ, पड़े भूमि पर देख |
माथे पर गहरी हुईं, चिंता की आरेख ||

आगे जाकर देखता, झरना बहता जोर |
बन्द रास्ता दीखता, दिखे नहीं अब ढोर ||

रथ आगे दीखे नहीं,  जैसे गया बिलाय |
अनहोनी की सोच के, रहा अँधेरा छाय ||

उतरा घोड़े से मिला, अंगवस्त्र इक श्वेत |
आगे बढ़ने पर दिखा, रथ फिर अश्व समेत ||

व्याकुलता ज्यादा बढ़ी, झटपट झाड़ी फांद |
दिखी सामने छुपी सी, एक बाघ की मांद ||

जी धकधक करने लगा, गहे हाथ तलवार |
एक एक कर आ रहे, मन में बुरे विचार ||

हिम्मत कर आगे बढ़ा, आया शर सर्राय |
देखा अचरज से उधर, खड़ा बटुक निअराय ||

बोला तेजी से रमण, परम बटुक दे ध्यान |
काका तेरा है इधर, ले लेगा क्या जान ||

सुनकर के आवाज यह,  दोनों बाला धाय |
काका को परनाम है, बोली बाहर आय ||

बैठी थी वे मांद में, नहीं बाघ का खौफ |
कहाँ हकीकत थी पता,  करती दोनों ओफ ||

काका जब फटकारते, नैना आये नीर |
गुर्राहट सुन काँपता, अबला देह सरीर ||

झटपट ताने धनुष को, चाचा और भतीज |
बाघ किन्तु दीखा नहीं, रहे हाथ सब मींज ||

जल्दी से चारो चले, अपने रथ की ओर |
चौकन्ने थे कान सब,  बिना किये कुछ शोर || 

शांता रूपा जा छुपी, रथ के बीचो-बीच |
खुली जगह पर रथ तुरग, घोडा लाया खींच ||  

गुरुकुल में फैली खबर, बोला छोटा शिष्य |
रथ तेजी से उत गया, आँखों देखा दृश्य ||

युद्ध-शास्त्र के चार ठो, चले सोम के मित्र |
पहला मौका पाय के, हरकत करें विचित्र ||

बग्घी की उस लीक पर, पैदल बढ़ते जाँय |
अस्त्रों को हैं भांजते,  चलते शोर मचाय ||

उधर बाघ दीखे नहीं, होय गर्जना घोर |
व्याकुलता से भागते, कहीं जंगली ढोर ||

घोडा अकुलाये वहाँ, हिनहिनाय मजबूर |
जैसे आता जा रहा,  कोई हिंसक क्रूर ||

गिर-कंदर में गूंजती, रह रह कर आवाज |
धरती पर मानो गिरे, महाभयंकर गाज ||

रमण रहा घबराय पर, हिम्मत भरा दिखाय |
उलटे रास्ते की तरफ, रथ को गया बढ़ाय ||

घोडा भगा तीव्रतम, रह रह झटके खाय |
जैसे पीछे हो लगा, इक कोई  अतिकाय ||

सचमुच इक अतिकाय था, आगे घेरा डाल |
घोडा ठिठका जोर से, खड़ा सामने काल ||

रमण बोलते बटुक से, बेटा रथ को हाँक | 
कन्याओं से फिर कहे, मत बाहर को झाँक ||

शांता रूपा देखती, परदे की थी ओट |
आठ हाथ की देह को, खुद से रही नखोट ||

घिघ्घी दोनों की बंधीं, कसके दालिम -पूत |
तेजी से रथ हांकता, पहली बार अभूत ||

याद रमण को आ गया, दालिम का एहसान |
तीन जान खातिर अड़ा, वह  अदना  इंसान ||

ध्यान हटाने को रमण,  मारा उसको तीर |
काया पकडे हाथ से,  देती नख से चीर ||

बोली मैं हूँ ताड़का, मानव खाना काम |
पिद्दी सा तू क्या लड़े,  पल में काम-तमाम ||

 देखा उसको रमण जब, महिला का था रूप |
साफ़-साफ़ अब दिख रही, भद्दी विकट कुरूप ||
 
घोड़े के संग वीर तब, वापस भागा जान |
अपने पीछे ले लगा, योद्धा बड़ा सयान ||

लम्बे लम्बे ताड़का,  दौड़ी रख के पैर |
अट्ठाहास रह रह करे, मानव की ना खैर ||

अन्धकार छाया हुवा, गया नदी में कूद |
रमण-मूल पानी बहा, खाई घोड़ा-सूद ||

परम बटुक रथ हाँक के, आया बारह कोस |
सोम-मित्र  देखे सकल, तब आया था होश ||

जल्दी से रथ में चढो, तनिक करो नहिं  देर |
राक्षस इक पीछे पड़ा, होवे ना अंधेर ||

शांता रूपा बोलती, देखी जब वे सोम |
लाख लाख आभार है, ताके ऊपर व्योम ||

काका प्यारे झूझते,  देते अपनी जान |
हमें बचाने के लिए, हुवे वहाँ कुर्बान ||

गुरुकुल पहुंची शांता, रूपा रमण समेत |
भय से थर थर कांपती, देखा जिन्दा प्रेत |

रूपा के  सौन्दर्य  को, ताके  सारे  मित्र |
सोम ताकता मित्र को, स्थिति बड़ी विचित्र ||

गुरुकुल से उस रात ही, गुरु गए पहुँचाय |
काका की करनी कहें, रहे तनिक सकुचाय ||


 यक्ष वंश की ताड़का, उसके पिता सुकेतु |
कठिन तपस्या से मिली, किया पुत्र के हेतु ||

असुर राज से व्याह दी, थी ताकत में चूर |
दैत्य सुमाली से हुवे, संतानें सब  क्रूर ||

पुत्री केकेसी हुई, रावण केरी माय ||
 सुत सुबाहु मारीच दो, पूरा जग घबराय ||

वही ताड़का थी दिखी, सौजा रही सुनाय |
पुत्र रमण की मृत्यु पर, रही खूब इतराय ||


शोक करें किस हेतु हम, हमें गर्व अनुभूत |

रूपा शांता को बचा, लगे देव का दूत ||


मेरा प्यारा बटुक भी, छोटा वीर महान | 

अच्छी संगत पाय के, बनता बड़ा सयान || 


दालिम से सौजा कहे, मत कर बेटा शोक |
इसी कार्य के वास्ते, आया था इहलोक ||


रो रो कर के शांता, रही स्वयं को कोस |

दुर्घटना में दिख रहा, सारा उसका दोष ||


रोते धोते बीतते, दुःख के हफ्ते चार |
घायल काका आ गया, चमत्कार आभार ||

कूदा पानी में जहाँ, था बहाव अति तेज |
ढीली काया कर दिया, कर मजबूत करेज ||

पानी में बहता गया, पूरी काली रात |
बहुत दूर था आ गया, पीछे छोड़ प्रपात ||

भूला था मैं रास्ता, रहा भटकता देख |
इक सन्यासी थे मिले, माथे चन्दन लेख ||

 श्रींगेश्वर महदेव की, महिमा अपरम्पार ।
कृपा करिश्मा कर गई, करूं प्रकट आभार || 

 कुण्डली
हिम्मत से रहिये डटे, घटे नहीं उत्साह |
कोशिश चढ़ने की सतत, चाहे दुर्गम राह |
चाहे दुर्गम राह, चाह से मिले सफलता |
करो नहीं परवाह,  दिया तूफां में जलता |
चढ़ते रहो पहाड़, सदा जय माँ जी कहिये |
दीजै झंडे गाड़, डटे हिम्मत से रहिये ||

सपना अपना चुन लिया, करे नहीं पर यत्न ।
बिन प्रयत्न कैसे मिले, कोई अद्भुत रत्न । 

सर्ग 3 समाप्त 

kedarnath sharma
7:17 PM (11 hours ago)

to me
Hindi
English

Translate message
Turn off for: Hindi
Dear Shri Gupta ji,
Thank you for your note and the enclosed link to your new book. Congratulations for the same. I am out of country till the end of January visiting family. Please send a hard copy of your book to my Delhi address below. I am not comfortable reading books online and prefer hard copies. I will get back to you after I have had a chance to sit down and read it.

regards,
Kedar Nath Sharma
1, Shivalik Apartments,
Pitampura, Delhi-110034.